मंत्रियों पर दिखने लगा पीएम और सीएम की अपील का असर: मोटरसाइकिल से दफ्तर पहुंचे गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान

Bihar News : पीएम मोदी और सीएम सम्राट के ईंधन बचाने की अपील का असर दिख रहा है। आज गन्ना उद्योग मंत्री खुद बाइक से अपने कार्यालय पहुंचे और पदाधिकारियों और कर्मियों से ईंधन बचाने की अपील की......

मंत्रियों पर दिखने लगा पीएम और सीएम की अपील का असर: मोटरसाइक
बाइक से कार्यालय पहुंचे मंत्री संजय पासवान- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा देश व राज्य में ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर की गई हालिया अपीलों का असर अब सरकार के मंत्रियों पर जमीन पर दिखने लगा है। इसी कड़ी में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रधान महासचिव और बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान मंगलवार को एक अलग ही अंदाज में नजर आए। वे पटना स्थित पार्टी कार्यालय से विकास भवन स्थित अपने सरकारी दफ्तर तक बिना किसी तामझाम और लग्जरी सुरक्षा गाड़ियों के काफिले के, सीधे मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे।


पार्टी के प्रवक्ता ने बाइक से मंत्री को पहुंचाया कार्यालय

मंत्री के इस सादगी भरे सफर के दौरान लोजपा (रा) के प्रदेश प्रवक्ता निशांत मिश्रा ने खुद मोटरसाइकिल चलाई और मंत्री संजय पासवान को उनके कार्यालय तक पहुंचाया। विकास भवन पहुंचने पर वीआईपी गाड़ियों के काफिले की जगह मंत्री को बाइक से उतरता देख वहां मौजूद हर कोई हैरान रह गया। इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री संजय पासवान ने कहा कि "आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी लगातार देशवासियों से ईंधन बचाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दे रहे हैं। उन्हीं की इसी दूरदर्शी सोच और प्रेरणा से प्रभावित होकर आज मैंने बाइक से दफ्तर आने का निर्णय लिया।"


मंत्री ने पदाधिकारियों और कर्मियों से ईंधन बचत की अपील की 

दफ्तर पहुंचने के बाद मंत्री संजय पासवान ने केवल खुद उदाहरण पेश नहीं किया, बल्कि राज्य प्रशासनिक व्यवस्था के अंग सभी पदाधिकारियों और कर्मियों से भी एक खास आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी अधिकारी और कर्मचारी अपने निजी वाहनों (जैसे निजी कार या बाइक) का उपयोग केवल अति आवश्यक या इमरजेंसी होने पर ही करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर प्रशासनिक अमला और आम लोग अपनी छोटी-छोटी आदतों को सुधार लें, तो देश के राजस्व और पर्यावरण दोनों को एक बड़ा फायदा पहुंचाया जा सकता है।


पैदल, साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों के उयोग पर दिया जोर

ईंधन बचत के व्यावहारिक तरीकों को साझा करते हुए गन्ना उद्योग मंत्री ने कहा, "हमें अपने दैनिक आवागमन और दफ्तर आने-जाने के लिए यथासंभव सार्वजनिक परिवहन (पब्लिक ट्रांसपोर्ट), पैदल चलने, साइकिल या फिर आधुनिक इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) का प्रयोग करना चाहिए। जब हम सब मिलकर ऐसे छोटे-छोटे कदम उठाएंगे, तभी हम देश का करोड़ों रुपये का ईंधन बचा पाने में सफल होंगे और आने वाली पीढ़ी को एक प्रदूषण मुक्त वातावरण दे सकेंगे।" उनके इस बयान को वीआईपी कल्चर को कम करने और ईंधन की बढ़ती खपत पर रोक लगाने की दिशा में एक बेहद सकारात्मक संदेश माना जा रहा है।


विकास भवन सचिवालय परिसर पहुंचने पर वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों, अन्य विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी मंत्री संजय पासवान के इस अनोखे और प्रेरणादायी प्रयास की खुले दिल से सराहना की। सचिवालय के गलियारों में इस बात की चर्चा काफी तेज है कि यदि सरकार के अन्य विभागों के मंत्री और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी भी इसी तरह की पहल अपनाते हैं, तो सरकारी स्तर पर ईंधन पर होने वाले खर्च में भारी कटौती की जा सकती है।


नरोत्तम की रिपोर्ट