मीठापुर-चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर निर्माण कार्य का पथ निर्माण मंत्री ने किया निरीक्षण, तय समय-सीमा के भीतर शेष बचे कार्यों को पूरा करने का दिया निर्देश
पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने राजधानी पटना स्थित मीठापुर फ्लाईओवर से चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर को जोड़ने वाले निर्माणाधीन पहुँच पथ एवं सर्विस रोड परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई कड़े निर्देश दिए....
Patna : बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने राजधानी पटना स्थित मीठापुर फ्लाईओवर से चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर (भाया करबिगहिया) को जोड़ने वाले निर्माणाधीन पहुँच पथ एवं सर्विस रोड परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और परियोजना की वर्तमान प्रगति की गहन समीक्षा की।
उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा और तकनीकी रिपोर्ट
निरीक्षण के दौरान बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक, वरिष्ठ पदाधिकारी, परियोजना अभियंता और कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंत्री को परियोजना की तकनीकी प्रगति और अब तक हुए निर्माण कार्यों की विस्तृत अद्यतन जानकारी दी।
292.74 करोड़ की लागत, 10 अगस्त 2026 तक फेज-1 होगा पूरा
अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि इस पूरी परियोजना की पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति 292.74 करोड़ रुपये है। इसके फेज-1 का निर्माण कार्य—जिसमें मीठापुर गोलंबर से नवनिर्मित करबिगहिया गोलंबर, मीठापुर बस स्टैंड की ओर और मीठापुर-महुली फ्लाईओवर से जोड़ने का कार्य शामिल है—10 अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश
मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तय समय-सीमा के भीतर हर हाल में शेष बचे कार्यों को पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
पटना वासियों को जाम से मिलेगी मुक्ति, बेहतर होगी कनेक्टिविटी
मंत्री ने कहा कि यह परियोजना राजधानी पटना के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके चालू होने से मीठापुर गोलंबर पर लंबे समय से लग रहे ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही, यह फ्लाईओवर आर-ब्लॉक, जीपीओ गोलंबर, करबिगहिया स्टेशन और कंकड़बाग के बीच आवागमन को सुगम बनाने के साथ एनएच-31 (NH-31) बाईपास से भी सीधा और बेहतर संपर्क स्थापित करेगा।
नरोत्तम की रिपोर्ट