नेपाल में हिंसक झड़पों के बाद सीमा पर हाई अलर्ट, भीमनगर बॉर्डर पर बायोमीट्रिक जांच हुई अनिवार्य

नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में हाल ही में हुई हिंसक झड़पों और तनावपूर्ण माहौल के बाद भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। वहींकड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत अब नेपाल आने-जाने वाले सभी यात्रियों के लिए बायोमीट्रिक जांच को अनिवार्य कर दिया गया है..

नेपाल में हिंसक झड़पों के बाद सीमा पर हाई अलर्ट, भीमनगर बॉर्
भीमनगर बॉर्डर पर बायोमीट्रिक जांच हुई अनिवार्य- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में हाल ही में हुई हिंसक झड़पों और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। नेपाल में हुई हिंसा के दौरान चार लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद कई दिनों तक उपद्रव, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नेपाल में सेना व सशस्त्र बलों की तैनाती की गई, वहीं भारतीय सीमा क्षेत्र में भी चौकसी बढ़ा दी गई है।


एसएसबी और पुलिस की संयुक्त गश्त, बढ़ाई गई निगरानी

नेपाल में उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनजर भारतीय क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से लगातार गश्त की जा रही है। सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संवेदनशील इलाकों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि सीमा पार से होने वाली किसी भी संभावित घुसपैठ या आपराधिक गतिविधि पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।


अब सिर्फ मोबाइल पहचान पत्र नहीं, बायोमीट्रिक सत्यापन जरूरी

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत अब नेपाल आने-जाने वाले सभी यात्रियों के लिए बायोमीट्रिक जांच को अनिवार्य कर दिया गया है। पूर्व में यात्री अपने मोबाइल में मौजूद पहचान पत्र दिखाकर भी सीमा पार कर लेते थे, परंतु अब भौतिक पहचान पत्र प्रस्तुत करने के साथ-साथ बायोमीट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सभी पर समान रूप से लागू की गई है।


चेक पोस्ट पर लगीं लंबी कतारें, अतिरिक्त संसाधनों की उठी मांग

भीमनगर स्थित एसएसबी चेक पोस्ट पर गहन जांच प्रक्रिया के कारण नेपाल आने-जाने वाले लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। यात्रियों का कहना है कि प्रत्येक व्यक्ति की अलग-अलग बायोमीट्रिक जांच होने से आवागमन में काफी समय लग रहा है। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने जिला प्रशासन व एसएसबी से मांग की है कि जांच की गति तेज करने के लिए चेक पोस्ट पर अतिरिक्त कर्मियों और उपकरणों की तैनाती की जाए।


सुरक्षा के मद्देनजर आगे भी जारी रहेगी कड़ी जांच व्यवस्था

एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, यह सख्त कदम एहतियातन और दोनों देशों के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सीमा पार से पहचान छिपाकर किसी भी संदिग्ध के प्रवेश को रोकने के लिए यह सत्यापन अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सीमा पर यह कड़ी जांच व्यवस्था फिलहाल आगे भी जारी रहेगी।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट