TRE-4 के लिए पटना रणभूमि बना! लाठीचार्ज, खून और हंगामे के बीच फूटा छात्रों का गुस्सा… 5 हजार छात्रों पर FIR दर्ज

Bihar TRE 4 Protest: TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर छात्रों के प्रदर्शन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 नामजद और करीब 5 हजार अज्ञात पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

TRE 4 Chaos in Patna Lathicharge FIR Against 5000 Students

Bihar TRE 4 Protest:पटना में TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर छात्रों का गुस्सा शुक्रवार को सड़क पर फट पड़ा। जेपी गोलंबर से लेकर डाकबंगला चौराहा तक हजारों अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद राजधानी का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की, लाठीचार्ज और अफरा-तफरी का ऐसा मंजर दिखा कि सड़कें जूते-चप्पलों और खून के निशानों से भर गईं। छात्रों का आरोप है कि सरकार लगातार शिक्षक भर्ती को लेकर तारीखें बदल रही है, लेकिन अब तक कोई साफ और अंतिम नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया।

अभ्यर्थियों की सबसे बड़ी मांग TRE-4 की वैकेंसी तुरंत जारी करने की है। छात्र नेताओं का कहना है कि पहले सरकार ने 1.20 लाख पदों पर भर्ती का दावा किया, फिर यह संख्या घटाकर 46 हजार बताई गई और अब सिर्फ 26 से 27 हजार सीटों की चर्चा हो रही है। इसी कथित “भर्ती खेल” के खिलाफ छात्र सड़कों पर उतर आए।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में कई छात्रों के सिर फूट गए, जबकि महिला अभ्यर्थियों के साथ धक्का-मुक्की की भी खबर सामने आई। गुस्साए छात्रों ने कहा, “हम भविष्य के शिक्षक हैं, अपराधी नहीं।” आंदोलन के दौरान जेपी गोलंबर और गांधी मैदान इलाके में घंटों जाम लगा रहा। स्कूल बसों और एम्बुलेंस तक को रुकना पड़ा, जिससे आम लोग भी परेशान हुए।

अब इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छात्र नेता दिलीप कुमार समेत 4 नामजद और करीब 5 हजार अज्ञात पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामला गांधी मैदान पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ है। पुलिस का कहना है कि प्रशासन के साथ लगातार वार्ता के बावजूद अभ्यर्थियों ने कानून व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ी और यातायात बाधित किया।

दरअसल बिहार में शिक्षक भर्ती अब लाखों युवाओं के लिए सबसे बड़ा रोजगार सहारा बन चुकी है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सिर्फ TRE भर्ती पर निर्भर हैं। ऐसे में जब सरकार और बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से अलग-अलग तारीखें सामने आती हैं, तो छात्रों में भ्रम और नाराजगी बढ़ती जाती है।

सरकार की ओर से हाल में कहा गया कि TRE-4 परीक्षा सितंबर 2026 में हो सकती है और रिजल्ट नवंबर तक आएगा। जबकि इससे पहले शिक्षा मंत्री दिसंबर 2025 में परीक्षा कराने की बात कह चुके थे। यही विरोधाभास अब छात्रों के आंदोलन को और ज्यादा भड़का रहा है।