वैशाली नाव हादसा: पीड़ित परिवारों ने पटना पहुंचकर राजद सुप्रीमो से की मुलाकात, लालू प्रसाद ने बंधाया ढांढस, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

वैशाली नाव हादसा: पीड़ित परिवारों ने पटना पहुंचकर राजद सुप्र
लालू प्रसाद से मिला राघोपुर नाव हादसे के कई पीड़त परिवार- फोटो : रंजन कुमार

Patna : वैशाली जिले के राघोपुर में हुए दर्दनाक नाव हादसे से प्रभावित कई पीड़ित परिवार गुरुवार को राजधानी पटना पहुंचे और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान शोकसंतप्त परिजनों ने लालू प्रसाद को अपने साथ हुई इस दिल दहला देने वाली दुर्घटना की पूरी जानकारी दी और अपना दर्द साझा किया।


लालू प्रसाद ने बंधाया ढांढस, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

पीड़ित परिवारों की बातें सुनकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद भावुक हो गए और उन्होंने सभी को ढांढस बंधाते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि दुख की इस विकट घड़ी में वे और पूरा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) परिवार पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है। 


इस संवेदनशील मुलाकात के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और पाटलिपुत्र से राजद सांसद डॉ. मीसा भारती भी विशेष रूप से मौजूद रहीं, जिन्होंने ने भी पीड़ितों को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।


हादसे के बाद से राजनीतिक व सामाजिक स्तर पर जारी है सहयोग

गौरतलब है कि राघोपुर दियारा क्षेत्र में हुए इस भीषण नाव हादसे में कई मासूम बच्चों की अकाल मृत्यु हो गई थी, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है। इस घटना के बाद से लगातार राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर पीड़ित परिवारों के साथ संवेदना व्यक्त करने और उन्हें न्याय व उचित पुनर्वास दिलाने की माँग तेज हो गई है।


रंजन की रिपोर्ट