खून का हिसाब ₹1000: पटना में सुतली बम और गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच मर्डर, पुलिस ने दो को सिखाया कानून का पाठ
मुसलपुर हाट में हुई गोलीबारी और बमबाजी की सनसनीखेज वारदात को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पटना पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि यह पूरी घटना महज ₹1000 के मामूली विवाद में अंजाम दी गई थी।
Patna - पटना के मुसलपुर हाट में हुई गोलीबारी और बमबाजी की सनसनीखेज वारदात को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पटना पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि यह पूरी घटना महज ₹1000 के मामूली विवाद में अंजाम दी गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
₹1000 के विवाद में गई जान

सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित मुसलपुर हाट में बुधवार रात अपराधियों ने वर्चस्व और पैसों के विवाद में ताबरतोड़ फायरिंग की। इस घटना में सोनू उर्फ सोनी नामक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई और एक अन्य व्यक्ति घायल हैं। एसपी परिचय कुमार ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया है कि मात्र ₹1000 के लेन-देन को लेकर 5 लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
इलाके में बमबाजी से दहशत
अपराधियों ने न केवल गोलियां चलाईं, बल्कि इलाके में खौफ पैदा करने के लिए सुतली बमों का भी इस्तेमाल किया। घटनास्थल से पुलिस को 10 खाली खोखे और बम के अवशेष मिले हैं। एफएसएल (FSL) की टीम ने भी जांच में घटनास्थल पर विस्फोटक जैसे पदार्थ होने की पुष्टि की है।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों बाद छापेमारी कर दो अपराधियों, विक्का उर्फ विकास और सोनू को दबोच लिया। इनके पास से निम्नलिखित सामान बरामद हुए हैं, जिसमें एक लोडेड देसी कट्टा के साथ मोबाइल फोन शामिल हैं। साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
फरार अपराधियों की तलाश जारी
एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में कुल 5 अपराधी शामिल थे, जिनमें से 2 की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष 3 अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। साथ ही, हत्या में इस्तेमाल की गई मुख्य पिस्टल को बरामद करने के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं।
रिपोर्ट - अनिल कुमार