Bihar News: बिहार विधानसभा में ये होंगे बीजेपी के मुख्य सचेतक, लोजपा(रा) के राजू तिवारी को भी बड़ी जिम्मेदारी

Bihar News: बीजेपी ने बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को मुख्य सचेतक और सचेतकों की सूची सौंप दी है। विधानसभा की ओर से जल्द ही इसको लेकर आदेश जारी किया जाएगा। आइए जानते हैं बीजेपी के मुख्य सचेतक कौन होंगे।

बिहार विधानसभा
विधानसभा में बीजेपी के मुख्य सचेतक कौन? - फोटो : social media

Bihar News: बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल बीजेपी के मुख्य सचेतक पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद नारायण झा को बनाया जाएगा। इसको लेकर भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को सूची भेज दी है। विधानसभा अध्यक्ष जल्द ही इसको लेकर आदेश जारी कर सकते हैं। 

बीजेपी ने भेजी सूची 

सूची के अनुसार, कृष्ण कुमार ऋषि, कुमार शैलेंद्र, गायत्री देवी और रत्नेश कुमार को सचेतक बनाए जाने की अनुशंसा की गई है। वहीं, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) की ओर से राजू तिवारी को सचेतक नामित किया गया है। विधानसभा की ओर से जल्द ही इस संबंध में अधिसूचना जारी होने की संभावना है।

विधान परिषद में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियों का बंटवारा 

इधर, विधान परिषद में भी भाजपा ने संगठनात्मक जिम्मेदारियों का बंटवारा किया है। राजेंद्र गुप्ता को भाजपा विधान परिषद दल का उपनेता बनाया गया है, जबकि जनक राम को मुख्य सचेतक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे संबंधित सूची विधान परिषद के सभापति को भेज दी गई है।

हाल ही में बनाई गई 19 समितियां 

गौरतलब हो कि, नई सरकार के गठन के बाद से ही विभागों और कामों का बंटवारा जारी है। हाल ही में विधानसभा अध्यक्ष ने 19 समितियों का गठन किया था। गठित समितियों में कई पूर्व मंत्रियों और वरिष्ठ विधायकों को सभापति की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूर्व मंत्रियों में नीतीश मिश्रा, संतोष कुमार निराला, दामोदर रावत और हरिनारायण सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे। विधानसभा अध्यक्ष स्वयं नियम समिति, सामान्य प्रयोजन समिति और विशेषाधिकार समिति के सभापति बनाए गए थें।