आखिर क्या है वह मामला जिसमें पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव हुए गिरफ्तार, 1994 में किराए पर लिए मकान से जुड़ा है पूरा विवाद

शास्त्री नगर थाने में वर्ष 1995 में कांड संख्या 552/1995 (GR संख्या 775/03) दर्ज की गई थी। इस मामले में 30 अप्रैल 1996 को कोर्ट ने संज्ञान लिया था और 11 सितंबर 1998 को आरोप भी तय कर दिए गए थे।

 Pappu Yadav
Pappu Yadav- फोटो : news4nation

Pappu Yadav : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी एक पुराने आपराधिक मामले में हुई है, जो करीब 31 साल पहले दर्ज किया गया था। मामला पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा है। दरअसल, शास्त्री नगर थाने में वर्ष 1995 में कांड संख्या 552/1995 (GR संख्या 775/03) दर्ज की गई थी। इस मामले में 30 अप्रैल 1996 को कोर्ट ने संज्ञान लिया था और 11 सितंबर 1998 को आरोप भी तय कर दिए गए थे। बावजूद इसके, बार-बार समन जारी होने के बाद भी पप्पू यादव और दो अन्य आरोपित अदालत में पेश नहीं हो रहे थे, जिसके कारण अब उनकी गिरफ्तारी हुई है।


मामले की पृष्ठभूमि वर्ष 1994 की है। उसी वर्ष पप्पू यादव पहली बार सांसद बने थे। आरोप है कि पटना में कार्यालय खोलने के उद्देश्य से उन्होंने एक मकान को किराए पर रहने के नाम पर लिया, लेकिन बाद में उसी मकान में अपना राजनीतिक कार्यालय संचालित करने लगे। मकान मालिक मनोज बिहारी लाल का आरोप है कि रोज़ाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही से उन्हें भारी परेशानी होने लगी। जब उन्होंने मकान खाली करने को कहा तो ऐसा नहीं किया गया, जिसके बाद वे अदालत की शरण में पहुंचे।


इस केस में पप्पू यादव के अलावा शैलेंद्र प्रसाद और चंद्र नारायण प्रसाद को भी आरोपी बनाया गया है, जिन पर मकान किराए पर लेने की प्रक्रिया में शामिल होने का आरोप है।


इसके अलावा आरोप यह भी है कि जिस अपार्टमेंट के पांचवें तल्ले पर पप्पू यादव का आवास है, उसकी छत पर उन्होंने अवैध रूप से अपनी पार्टी (जन अधिकार पार्टी, जो अब कांग्रेस में विलीन हो चुकी है) का कार्यालय बना रखा है, जो 1994 से संचालित बताया जा रहा है। अपार्टमेंट के अन्य किरायेदारों का कहना है कि लगातार होने वाली भीड़ और आवाजाही से उन्हें लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है।


आवासीय मकान को कथित रूप से व्यावसायिक और राजनीतिक कार्यालय के रूप में इस्तेमाल करने से जुड़े इसी लंबे समय से लंबित मामले में अब पप्पू यादव की गिरफ्तारी हुई है।