Bihar Politics: चिराग पासवान बनेंगे बिहार के मुख्यमंत्री? केंद्रीय मंत्री ने खुद किया खुलासा, बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा
Bihar Politics: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को सीएम उम्मीदवार बनाने को लेकर मांग बढ़ती जा रही है। इसी बीच चिराग पासावन ने बड़ा बयान दिया है। चिराग पासवान ने क्लियर किया है कि कौन एनडीए में सीएम फेस होगा।

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज है। एक ओर जहां सभी पार्टी चुनावी तैयारियों में जुटे हैं तो वहीं दूसरी ओर गठबंधन और महागठबंधन में शामिल कई नेता सीट शेयरिंग में हिस्सेदारी को लेकर दावा कर रहे हैं। महागठबंधन में जहां अभी तक सीएफ फेस पर सहमति नहीं बनी है तो वहीं दूसरी ओर सीट बंटवारे को लेकर भी खींचातानी देखने को मिल रही है। एनडीए का भी वही हाल है। बीजेपी के नेता एकजुटता के कई दावे तो कर रहे हैं लेकिन उनके ही गठबंधन के कई दलों के दावे विवाद खड़े कर रहे हैं। एक ओर केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी 15 से 20 सीट मांग रहे हैं नहीं तो फिर 100 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर रहे तो वहीं दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी से लगातार 43 से 137 सीटों के बीच चुनाव लड़ने और चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग हो रही है और ये बयान कोई और नहीं बल्कि लोजपा(रा) के जमुई सांसद और चिराग पासवान के चाचा अरुण भारती कर रहे हैं।
चिराग बनेंगे सीएम?
अरुण भारती के दावे कई विवाद खड़े कर रहे हैं। इसी बीच अब खुद लोजपा(रा) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासावन ने बड़ा दावा किया है। चिराग पासवान ने अपने सीएम फेस को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। चिराग पासवान ने कहा है कि एनडीए 225 से ज्यादा सीटें जीतेगा और सीएम नीतीश ही एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री होंगे। चिराग पासवान के इस दावे ने सियासी हलचल एक बार फिर तेज कर दी है।
225 से अधिक सीटों पर एनडीए का होगा कब्जा
दरअसल, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) इस बार 225 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगा। चिराग ने स्पष्ट किया कि चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा और उनकी ही ताजपोशी होगी। उन्होंने साफ किया कि वह खुद मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं।
कार्यकर्ता ही चाहत लेकिन संभव नहीं
चिराग पासवान ने कहा कि कार्यकर्ता भले ही उन्हें मुख्यमंत्री देखना चाहते हों, लेकिन यह केवल एक पार्टी की चाहत से संभव नहीं, बल्कि इसके लिए पूरे गठबंधन की सहमति जरूरी है। सीट बंटवारे पर उन्होंने बताया कि फैसला आपसी सहमति से होगा। उनकी प्राथमिकता ज्यादा सीटों की मांग करने की नहीं, बल्कि अच्छी क्वालिटी वाली सीटें हासिल करने की है ताकि जीत का स्ट्राइक रेट बेहतर रहे।
महागठबंधन पर बड़ा हमला
महागठबंधन पर निशाना साधते हुए चिराग ने कहा कि वहां सबकुछ ठीक नहीं चल रहा। राहुल गांधी बिहार आते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री पद पर सहमति नहीं बन पाती। यह अंदरूनी खटपट चुनाव के दौरान और बढ़ेगी और इसका असर नतीजों में भी दिखेगा। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें एनडीए की चिंता छोड़कर अपनी फिक्र करनी चाहिए।