Bihar News: नवादा में मानवता शर्मसार, महिला से दुष्कर्म कर उतारा मौत के घाट, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
Bihar News: बिहार के नवादा से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां महिला के साथ दुष्कर्म कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों ने सड़क जामकर बवाल काटा है।
Bihar News: बिहार के नवादा जिले एक बार फिर मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आ रही है। जहां एक महिला के साथ दुष्कर्म कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया है। मामला रोह थाना क्षेत्र अंतर्गत समरैथा गांव का है। जहां 40 वर्षीय महिला का शव खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मुख्य सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया।
महिला के साथ दुष्कर्म
मृतका की पहचान अनीता देवी पति महेंद्र यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार रात वह खेत की ओर गई थीं। देर तक घर नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू की गई, जिसके बाद उनका शव खेत में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि शव अर्धनग्न अवस्था में था, जिससे दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है।
बेटे ने लगाया आरोप
मृतका के बेटे ने आरोप लगाया है कि उसकी मां के साथ पहले मारपीट की गई, फिर दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए सड़क जाम कर दिया। उनका आरोप है कि पुलिस ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के बजाय शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने में जल्दबाजी दिखाई।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। साथ ही, संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
नवादा से अमन की रिपोर्ट