Saran Teacher Election 2026:सारण शिक्षक चुनाव में NDA की बड़ी कार्रवाई, बागी बने भाजपा और रालोमो के 3 नेता 6 साल के लिए निष्कासित

सारण शिक्षक निर्वाचन चुनाव में NDA प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय मैदान में उतरे BJP के रमेन्द्र राय, राहुल सिंह और RLM के राम पुकार सिन्हा को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

BJP expels Ramendra Rai Rahul Singh & RLM suspends Ram Pukar
सारण शिक्षक निर्वाचन चुनाव में NDA प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय उतरे 3 नेताओं पर गिरी गाज- फोटो : Reporter

बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के खिलाफ बगावत करने वालों पर सहयोगी दलों ने बड़ा सियासी प्रहार किया है। अधिकृत प्रत्याशी के विरोध में निर्दलीय ताल ठोकने वाले तीन नेताओं पर गाज गिरी है। भाजपा ने अपने पूर्व प्रदेश संयोजक रमेन्द्र राय और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल सिंह को छह साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है, जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने अपने प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता राम पुकार सिन्हा को छह साल के लिए निलंबित कर दिया है। लगातार हुई इन कार्रवाइयों ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावी रण में सियासी तापमान बढ़ गया है, और एक बार फिर एनडीए के भीतर अनुशासन तथा बगावत का मुद्दा सुर्खियों में ला दिया है।


भाजपा ने दो नेताओं पर गिराई गाज

भाजपा बिहार प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अक्षय कुमार की ओर से जारी निष्कासन पत्र के अनुसार, सिवान निवासी रमेन्द्र राय एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। रमेन्द्र राय भाजपा के बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश संयोजक रह चुके हैं। पार्टी नेतृत्व ने उनके इस कदम को अनुशासनहीनता मानते हुए छह साल के लिए निष्कासित करने का निर्णय लिया है। इसी तरह, भाजपा ने सारण से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की है। 11 अक्टूबर 2026 को जारी आधिकारिक पत्र में उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करते हुए छह वर्षों के लिए निष्कासित किए जाने की जानकारी दी गई है। पार्टी ने एनडीए प्रत्याशी के विरोध में निर्दलीय चुनाव लड़ने को गंभीर अनुशासनहीनता माना है।


राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने भी दिखाई सख्ती

एनडीए के घटक दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने भी अपने प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता राम पुकार सिन्हा पर कार्रवाई की है। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सह मुख्यालय प्रभारी प्रशांत पंकज की ओर से 12 अक्टूबर को जारी पत्रांक RLM/BR/MP/01 के तहत उन्हें छह साल के लिए निलंबित किया गया है। पार्टी के अनुसार, सिन्हा भी सारण शिक्षक निर्वाचन चुनाव में एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं।


चुनावी समीकरण पर पड़ सकता है असर 

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के बीच भाजपा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा की इन कार्रवाइयों को गठबंधन के अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में अनुशासन बनाए रखने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। लगातार सामने आ रहे निष्कासन और निलंबन के फैसलों से स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि इन कार्रवाइयों का निर्दलीय प्रत्याशियों के चुनावी अभियान और मतदाताओं के रुझान पर कितना असर पड़ता है।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट