लापरवाही ने ली मासूम की जान, ऑटो से गिरे करकट ने किशोर के गले पर फेरा 'मौत का वार'
रोहतास जिले के करगहर में एक ऑटो चालक की लापरवाही से 15 वर्षीय किशोर की गर्दन कट गई। सीबीएसई 10वीं की परीक्षा दे चुके अभय शर्मा की मौत से बालापुर गांव में मातम।
Sasaram : बिहार के सासाराम में एक बार फिर यातायात और सामान ढुलाई में बरती गई लापरवाही काल बन गई। करगहर के बराव बाजार में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर अभय शर्मा की जान चली गई। घटना उस समय हुई जब ऑटो रिक्शा पर असुरक्षित तरीके से लादे गए एस्बेस्टस (करकट) खिसक कर किशोर की गर्दन पर गिर गए। धारदार करकट से गर्दन बुरी तरह कटने के कारण अभय ने दम तोड़ दिया।
दुकानदार की चेतावनी को किया अनसुना
मृतक के मामा हरिराम शर्मा ने बताया कि बराव बाजार में जब ऑटो पर करकट लादा जा रहा था, तब दुकानदार ने चालक को चेतावनी दी थी कि इस तरह सामान ले जाना खतरनाक हो सकता है। दुकानदार ने करकट को ऑटो पर रखने से मना भी किया था, लेकिन चालक ने उसकी एक न सुनी और जबरन सामान लादकर चल दिया। चालक की यही हठधर्मिता आज एक परिवार की खुशियाँ निगल गई।
10वीं की परीक्षा देकर भविष्य के सपने बुन रहा था अभय
मृतक अभय शर्मा बालापुर गांव के रामाशीष शर्मा का पुत्र था। वह काफी होनहार था और इसी वर्ष उसने सीबीएसई बोर्ड से 10वीं की परीक्षा दी थी। वह अपने बेहतर भविष्य के सपने बुन रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। गांव की एक महिला उसे अपने साथ करकट खरीदने में मदद के लिए बाजार ले गई थी, जहाँ वह इस जानलेवा लापरवाही का शिकार हो गया।
अस्पताल ले जाने में भी हुई देरी
परिजनों का आरोप है कि घटना सुबह 10 बजे के आसपास हुई थी, लेकिन घायल अभय को अस्पताल काफी देरी से (दोपहर 12:30 बजे के बाद) लाया गया। समय पर सही इलाज न मिलना भी मौत का एक बड़ा कारण माना जा रहा है। सासाराम सदर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।
हादसे के दौरान पलट गया ऑटो
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब ऑटो पर बंधा करकट अचानक खिसका, तो संतुलन बिगड़ने के कारण ऑटो रिक्शा भी सड़क पर पलट गया। इस दौरान वहां चीख-पुकार मच गई। हालांकि, चालक और अन्य लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं, लेकिन अभय की गर्दन पर करकट गिरने से उसे संभलने का मौका भी नहीं मिला।
परिजनों में मचा कोहराम
अभय की मौत की खबर मिलते ही बालापुर गांव में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। ग्रामीणों ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर ऑटो चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है और प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट - रंजन कुमार