जमीन विवाद मे 60 वर्षीय वृद्ध की घर से बुलाकर हत्या : बचाने गए 12 साल की बच्ची समेत 8 लोग घायल, गांव में पुलिस बल तैनात

जमीन विवाद मे 60 वर्षीय वृद्ध की  घर से बुलाकर हत्या :  बचान
जमीन विवाद मे 60 वर्षीय वृद्ध की घर से बुलाकर हत्या - फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां एकमा ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या-6 में आपसी जमीनी विवाद ने भयानक खूनी रूप ले लिया। जमीन के पुराने विवाद को लेकर 60 वर्षीय एक वृद्ध की धारदार हथियार से वार कर कथित रूप से हत्या कर दी गई। वहीं, उन्हें बचाने पहुंचे परिवार के सदस्यों पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिसमें एक 12 वर्षीय मासूम बच्ची समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है।


घर से उठाकर ले गए और किया धारदार हथियार से वार 

मृतक की पहचान एकमा निवासी 60 वर्षीय नंदकिशोर महतो (पिता स्वर्गीय बजरंगी महतो) के रूप में हुई है। मृतक के पुत्र दिनेश महतो ने बताया कि उनके परिवार का गांव के ही कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि सोमवार को विपक्षी पक्ष के लोगों ने उनके पिता को जबरन घर से उठा लिया और उन पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।


बचाने आए आठ परिजन घायलसदर अस्पताल में इलाज जारी 

दिनेश महतो के अनुसार, जब परिवार के लोग अपने पिता को बचाने के लिए दौड़े तो आरोपियों ने उन पर भी लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में एक 12 साल की बच्ची सहित कुल आठ लोग लहूलुहान होकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सुपौल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने श्याम सुंदर महतो, गंगाराम महतो, सरवन महतो समेत आठ लोगों पर सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।


गांव में तनाव का माहौलपुलिस बल की तैनाती 

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। वारदात के बाद से गांव में दोनों पक्षों के बीच भारी तनाव बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। परिजनों के रो-रोकर बुरे हाल हैं और वे आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी तथा उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की गुहार लगा रहे हैं।


प्राथमिकी दर्जआरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से गहराई से जांच की जा रही है। परिजनों के लिखित बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष व सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट