डीएम के जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, जनता की शिकायत सुन लापरवाह अधिकारियों पर भड़के जिलाधिकारी
सुपौल डीएम सावन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से भूमि विवाद, पेंशन और राशन कार्ड जैसी समस्याओं से जुड़े मा्मले को लेकर लोग पहुंचे। डीएम ने सभी शिकायत सुनकर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए....
Supaul : जिले के आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर और उचित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में जिला जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार की अध्यक्षता खुद जिलाधिकारी सावन कुमार ने की। जिला मुख्यालय के साथ-साथ सुदूर प्रखंडों और पंचायतों से अपनी फरियाद लेकर पहुंचे लोगों ने जिलाधिकारी के समक्ष कुल 96 आवेदन प्रस्तुत किए।
विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें आईं सामने
जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों ने मुख्य रूप से भूमि विवाद, अवैध अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, नए राशन कार्ड, राजस्व संबंधी मामले, जल निकासी, सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली आपूर्ति और पुलिस प्रशासन से जुड़ी शिकायतें जिलाधिकारी के सामने रखीं। कई आवेदकों ने अपने पुराने और लंबे समय से लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन की गुहार लगाई।
लापरवाही पर भड़के डीएम, दी चेतावनी
जिलाधिकारी सावन कुमार ने आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करने के बाद वहां मौजूद अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि फरियादियों के काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संवेदनशीलता और पारदर्शिता पर दिया जोर
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जो मामले जिला स्तर के हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निपटाया जाए और जटिल मामलों की जमीनी जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जनता से जुड़े मुद्दों में संवेदनशीलता बनाए रखने की सलाह दी ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए परेशान न होना पड़े। साथ ही, सभी आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रोग्रेस रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपने का निर्देश दिया गया।
मौके पर मौजूद रहे कई वरिष्ठ अधिकारी
इस जनता दरबार के दौरान कई मामलों में मौके पर ही प्रारंभिक जानकारी जुटाकर दिशा-निर्देश जारी किए गए। कार्यक्रम में जिलाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त (DDC) सारा अशरफ, जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानंद यादव, जिला नजारत उप समाहर्ता विकास कुमार कर्ण और गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने-अपने विभाग से संबंधित आवेदनों पर तुरंत संज्ञान लिया।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट