DM के निर्देश पर BDO ने राघोपुर रेफरल अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, हॉस्पिटल की बदहाली देख आउटसोर्सिंग एजेंसी को लगाई फटकार

सुपौल जिले के राघोपुर बीडीओ ने रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल में बड़ी बदहाली को देखकर वे भड़क गए और कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्सिग एजेंसी को कड़ी फटकार लगाई.....

DM के निर्देश पर BDO ने राघोपुर रेफरल अस्पताल का किया औचक नि
राघोपुर रेफरल अस्पताल का हाल देख भड़के बीडीओ- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के राघोपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येन्द्र कुमार यादव ने जिलाधिकारी सावन कुमार के विशेष निर्देश पर बीते मंगलवार की रात राघोपुर रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था से लेकर मरीजों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया, जिसमें कई गंभीर खामियां उजागर हुईं। बदहाली देख बीडीओ ने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित कर्मियों को जमकर फटकार लगाई।


वार्डों में पसरी मिली गंदगी, बेड से बेडशीट भी गायब

बीडीओ सत्येन्द्र कुमार यादव ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, डॉक्टर चैंबर, डिलीवरी रूम, परिवार नियोजन वार्ड, पुरुष वार्ड और शौचालयों का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान इमरजेंसी वार्ड में डस्टबिन की हालत बेहद खराब मिली। वहीं, सबसे संवेदनशील माने जाने वाले डिलीवरी रूम और परिवार नियोजन वार्ड में चारों तरफ गंदगी पसरी हुई थी और मरीजों के बेड पर बेडशीट (चादर) तक नहीं बिछाई गई थी, जो अस्पताल प्रशासन की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है।


एजेंसी के दावों की खुली पोल, परिजनों ने बयां किया दर्द

सफाई व्यवस्था को लेकर जब बीडीओ ने मौके पर मौजूद आउटसोर्सिंग एजेंसी के सुपरवाइजर से जवाब-तलब किया, तो उसने दावा किया कि अस्पताल में दिन में तीन बार सफाई की जाती है। हालांकि, वहां भर्ती मरीजों और उनके परिजनों ने बीडीओ के सामने ही इस दावे की पोल खोल दी। परिवार नियोजन वार्ड और डिलीवरी रूम में मौजूद तीमारदारों ने बताया कि वे सुबह 10 बजे और शाम 4 बजे से अस्पताल में हैं, लेकिन एक बार भी कोई सफाईकर्मी वार्ड में झाड़ू-पोछा करने नहीं आया।


निरीक्षण के दौरान मुस्तैद मिले डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी

राघोपुर रेफरल अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था में जहां एक तरफ सफाई को लेकर भारी लापरवाही दिखी, वहीं दूसरी तरफ मानवीय संसाधन की उपस्थिति संतोषजनक रही। रात के समय औचक निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में डॉ. वीपीन तिवारी, विजय सहनी, जगन्नाथ शर्मा और रामप्रवेश अपनी ड्यूटी पर तैनात मिले। इसके अलावा डिलीवरी रूम में कुमारी बच्ची एवं माधुरी कुमारी भी मुस्तैदी से कार्य करती पाई गईं। मौके पर बीसीएम सह सीएचएम शादाब अली और अजय कुमार भी मौजूद रहे।


वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट, होगी कड़ी कार्रवाई

निरीक्षण कार्य पूरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए बीडीओ सत्येन्द्र कुमार यादव ने कहा कि राहत की बात यह है कि सभी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर उपस्थित पाए गए। लेकिन, अस्पताल की साफ-सफाई और स्वच्छता की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरी लापरवाही और कमियों को लेकर एक विस्तृत निरीक्षण प्रतिवेदन (रिपोर्ट) तैयार कर वरीय अधिकारियों को भेजा जा रहा है, ताकि आउटसोर्सिंग एजेंसी और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट