कोसी के उफान पर प्रशासन अलर्ट : डीएम ने वीरपुर तटबंध और स्पर का किया निरीक्षण, 24 घंटे कड़ी निगरानी के दिए निर्देश

सुपौल जिले में कोशी के जलस्तर में लगातार वृद्धि को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी ने वीरपुर स्थित तटबंध का स्थलीय निरीक्षण कर 24 घंटे कड़ी निगरानी के निर्देश दिए.....

कोसी के उफान पर प्रशासन अलर्ट : डीएम ने वीरपुर तटबंध और स्पर
कोसी के उफान पर प्रशासन अलर्ट- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले में कोसी नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी (DM) सावन कुमार ने वीरपुर स्थित पूर्वी कोसी तटबंध प्रमंडल-2 के 10 किलोमीटर स्पर का स्थलीय निरीक्षण किया और बाढ़ सुरक्षा कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।


तटबंधों की स्थिति और सुरक्षात्मक कार्यों का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान डीएम ने तटबंध की वर्तमान स्थिति, बाढ़ से बचाव की तैयारियों और संवेदनशील स्थलों पर चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। मौके पर मौजूद जल संसाधन विभाग के अभियंताओं और अधिकारियों से उन्होंने नदी के जलस्तर की वृद्धि और संभावित जोखिम वाले इलाकों की पूरी जानकारी ली।


24 घंटे कड़ी निगरानी के निर्देश, कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

जिलाधिकारी सावन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोसी नदी के जलस्तर और तटबंधों पर चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कटाव, रिसाव या किसी भी असामान्य स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जाए। डीएम ने चेतावनी दी कि आपदा प्रबंधन और सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।


मशीनरी, निर्माण सामग्री और मैनपावर अलर्ट मोड पर रखने के आदेश

डीएम ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक मशीनरी, निर्माण सामग्री, संसाधन और मानवबल को हर समय मुस्तैद रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर काम करने और हर गतिविधि की त्वरित रिपोर्ट नियंत्रण कक्ष (Control Room) एवं वरीय अधिकारियों को भेजने की हिदायत दी।


ग्रामीणों से अफवाहों से बचने की अपील, प्रशासन तैयारियों में मुस्तैद

जिला प्रशासन ने स्थानीय आम नागरिकों से अपील की है कि वे नदी के जलस्तर और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों पर ध्यान दें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर भरोसा न करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि संभावित बाढ़ और कटाव की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनी हुई है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट