कोसी विस्थापितों का फूटा गुस्सा: होल्डिंग टैक्स का विरोध, 3 अगस्त से आंदोलन का एलान

सुपौल नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-15 में सैकड़ों विस्थापित परिवारों की एक महत्वपूर्ण और आक्रोशपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक का मुख्य एजेंडा सुपौल नगर परिषद द्वारा कोसी पुनर्वास में रह रहे परिवारों से जबरन होल्डिंग टैक्स की वसूली करना रहा..

कोसी विस्थापितों का फूटा गुस्सा: होल्डिंग टैक्स का विरोध, 3
कोसी विस्थापितों का फूटा गुस्सा- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-15 (कोसी पुनर्वास) में सैकड़ों विस्थापित परिवारों की एक महत्वपूर्ण और आक्रोशपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कोसी तटबंध निर्माण के दौरान अपना सब कुछ गंवाकर पुनर्वास में बसाए गए परिवारों की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता शिवनारायण ने की और संचालन रमेश कुमार यादव द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पीड़ित परिवारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।


होल्डिंग टैक्स के नोटिस से बढ़ा जनता का आक्रोश

बैठक का मुख्य एजेंडा सुपौल नगर परिषद द्वारा कोसी पुनर्वास में रह रहे परिवारों से जबरन होल्डिंग टैक्स की वसूली किए जाने के फैसले का विरोध करना था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे दशकों से विस्थापन का दंश झेल रहे हैं और ऐसे में उन पर होल्डिंग टैक्स का अतिरिक्त आर्थिक बोझ लादना सरासर अन्याय है। बैठक में नगर परिषद द्वारा जारी किए जा रहे टैक्स नोटिसों के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला।


जमीन का मालिकाना हक न मिलने से सरकारी योजनाओं से वंचित

बैठक में मौजूद वरिष्ठ समाजसेवी लव यादव ने विस्थापितों की दयनीय स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार ने इन्हें तटबंध निर्माण के समय बसा तो दिया, लेकिन आज तक जमीन का मालिकाना हक (पर्चा) नहीं दिया। भूमि का कानूनी अधिकार न होने के कारण ये गरीब परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना समेत किसी भी प्रकार की सरकारी आवास व कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने से पूरी तरह वंचित हैं। उन्होंने इन परिवारों को तुरंत मालिकाना हक देने और होल्डिंग टैक्स से पूरी तरह मुक्त करने की मांग की।


जिला प्रशासन और सरकार को दी दोटूक चेतावनी

विस्थापित परिवारों ने एक स्वर में सरकार और स्थानीय जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि कोसी पुनर्वास के परिवारों को होल्डिंग टैक्स से राहत, जमीन का मालिकाना अधिकार और आवास योजना का लाभ देने की दिशा में जल्द ही कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। इसके लिए आगामी 3 अगस्त को कोसी पुनर्वास में रहने वाले हजारों परिवार जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगे।


बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण, चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी

यदि 3 अगस्त के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद भी प्रशासन की नींद नहीं खुली, तो विस्थापितों ने चरणबद्ध तरीके से उग्र और बड़ा आंदोलन करने का संकल्प लिया है। इस बैठक में एकजुटता दिखाने के लिए मो. इरशाद, मो. तबरेज हयात, जयनारायण पंडित, विनोद कुमार यादव, सुरेंद्र कुमार यादव, मनोहर ठाकुर, मो. अबुल केश, प्रिय कुमार, सलेंद्र यादव और पंकज कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण व पीड़ित परिवार उपस्थित रहे।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट