बिहार में तेज रफ्तार कार का कहर,कीर्तन कर रहे 6 लोगों को रौंदा, 5 की मौत से मचा कोहराम

Bihar Road Accident: रफ्तार का ऐसा कहर बरपा कि सड़क किनारे बैठकर भजन-कीर्तन कर रहे लोगों की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।...

Supaul Car Crash
तेज रफ्तार कार का कहर- फोटो : social Media

Bihar Road Accident:बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार देर रात रफ्तार का ऐसा कहर बरपा कि सड़क किनारे बैठकर भजन-कीर्तन कर रहे लोगों की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक के समीप एनएच-327ई पर बजरंगबली मंदिर के पास एक बेकाबू तेज रफ्तार कार ने कीर्तन कर रहे छह लोगों को रौंद दिया। टक्कर इतनी खौफनाक थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों में से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में अब मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात बजरंगबली मंदिर के पास सड़क किनारे करीब छह लोग बैठकर कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक फोर व्हीलर अचानक अनियंत्रित हो गई और लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए आगे बढ़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार करीब 50 मीटर तक आगे जाने के बाद सड़क किनारे मौजूद एक दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।

इस हादसे में तिलो दास (65), राजो दास (50) और सुरेंद्र यादव (45) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि तिलो दास और राजो दास वार्ड संख्या 12, जबकि सुरेंद्र यादव वार्ड संख्या 15 के रहने वाले थे। वहीं भुवनेश्री यादव, रामचंद्र यादव और कृष्णा साह गंभीर रूप से जख्मी हुए थे। सभी घायलों को आनन-फानन में सुपौल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया।पांच लोगों की मौत की खबर फैलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। घटनास्थल से लेकर सदर अस्पताल तक मातम और चीख-पुकार का माहौल बना रहा। अस्पताल में दो घायलों की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और परिसर में हंगामा शुरू हो गया। मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर हालात संभालने की कोशिश की।

उधर, हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने एनएच-327ई को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के वक्त वाहन की रफ्तार कितनी थी और चालक से आखिर किस स्तर पर चूक हुई।हादसे के बाद सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने घटना पर गहरा दुख जताया। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने की बात कही गई है। प्रशासन राहत और जरूरी कार्रवाई में जुटा है।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक पल में कीर्तन कर रहे परिवारों पर ऐसा कहर टूटा कि पांच घरों में मातम पसर गया।