जिलाधिकारी ने हरिहरपट्टी सहयोग शिविर का किया औचक निरीक्षण, अग्निकांड पीड़ितों को बांटे चेक

जिलाधिकारी ने हरिहरपट्टी सहयोग शिविर का किया औचक निरीक्षण, अ
डीएम ने सहयोग शिविर का किया औचक निरीक्षण- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : आम जनता को सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ सीधे उनके घर और पंचायत स्तर तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। इसी कड़ी में मंगलवार को सुपौल के जिलाधिकारी (DM) सावन कुमार ने त्रिवेणीगंज प्रखंड के हरिहरपट्टी स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित 'सहयोग शिविर' का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने शिविर की विभिन्न व्यवस्थाओं और वहां दी जा रही सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही, शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।


अग्निकांड पीड़ितों के बीच राहत राशि का वितरण 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने आपदा प्रबंधन विभाग की तत्परता दिखाते हुए हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित तीन पीड़ित लाभुकों के बीच राहत सहायता राशि के चेक वितरित किए। पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए डीएम ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और जिला प्रशासन पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा पीड़ितों के राहत एवं पुनर्वास से संबंधित अन्य सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए।


एक ही छत के नीचे मिलीं तमाम सरकारी सुविधाएं

हरिहरपट्टी में आयोजित इस सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। शिविर में ग्रामीणों को जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, नए राशन कार्ड के आवेदन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं, राजस्व (भूमि विवाद) एवं अन्य महत्वपूर्ण सरकारी सेवाओं से संबंधित आवेदन और समस्याओं के समाधान की सुविधा एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गई। मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों ने तुरंत दस्तावेजों की जांच कर कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन भी किया।


दफ्तरों के चक्कर काटने से मिलेगी मुक्तिडीएम की सख्त हिदायत

शिविर में आए आवेदनों का स्वयं अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने वहां तैनात अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिया कि सभी शिकायतों और आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इन सहयोग शिविरों को लगाने का मुख्य उद्देश्य ही यही है कि आम जनता को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों और जिला मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़ें। डीएम ने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


प्रशासनिक अमला और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ त्रिवेणीगंज की स्थानीय विधायिका सोनम रानी और जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) शरथ आर. एस. भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इन सभी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों की समीक्षा की। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी शासन की परिकल्पना को साकार करने के लिए भविष्य में भी पंचायत स्तर पर ऐसे सहयोग शिविरों का आयोजन लगातार जारी रहेगा।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट