सहयोग शिविर में पहुंचे डीएम और एसपी : आमजनों की समस्याएं सुनीं, जल्द समाधान के दिए निर्देश
Bihar News : बिहार में इनदिनों सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य सहयोग शिविर का आयोजन किया है। इसी कड़ी में सुपौल के सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड में आयोजित शिविर का डीएम-एसपी ने निरीक्षण किया....
Supaul : जन समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रखंड सरायगढ़-भपटियाही के पंचायत पिपरा खुर्द स्थित पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का निरीक्षण जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने शिविर में पहुंचे बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं और बुजुर्गों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र निष्पादन के आदेश दिए।
विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर दिए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, मनरेगा, आपूर्ति, पंचायती राज, विद्युत और जल-नल योजना जैसी महत्वपूर्ण कड़ियों के कार्यों की समीक्षा की। शिविर में मुख्य रूप से भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना और बिजली-सड़क से जुड़ी शिकायतें सामने आईं, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया तथा जटिल मामलों के लिए समय-सीमा तय की गई।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा देकर किया जागरूक
सहयोग शिविर में पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने भी आम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक लिया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही, वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए उन्होंने लोगों को जागरूक किया और अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता या ओटीपी साझा न करें। किसी भी ठगी की स्थिति में उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर सूचित करने की सलाह दी।
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को आम लोगों के द्वार तक पहुंचाना है ताकि उन्हें दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले हर नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
शीर्ष अधिकारियों को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में दिखा उत्साह
इस शिविर में विशेष रूप से महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जीविका समूह व सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं से जुड़ी अपनी बातें रखीं। जिले के शीर्ष अधिकारियों को सीधे अपने गांव में पाकर और अपनी समस्याओं को उनके सामने रखने का अवसर मिलने पर ग्रामीणों ने इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला व प्रखंड स्तरीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने माना कि इस कदम से जनता और शासन के बीच का विश्वास और मजबूत होगा।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट