खेत में मोटर चलाने के दौरान करंट लगने से किसान की मौत, गांव में पसरा मातम

खेत में मोटर चलाने के दौरान करंट लगने से किसान की मौत, गांव
करंट लगने से किसान की मौत- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul :  जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत वीणा बभंगामा पंचायत के वार्ड संख्या-12 में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में सिंचाई के लिए मोटर चालू करने के दौरान बिजली का करंट लगने से 38 वर्षीय किसान की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसार गया है।


मिली जानकारी के अनुसार, किसान सुबह अपने खेत में फसलों की सिंचाई के लिए मोटर चलाने गया था। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने परिजनों को सूचना दी कि किसान खेत में अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।


मृतक के बड़े भाई भूप नारायण झा ने बताया कि खेत में मोटर चालू करने के क्रम में उनका भाई नंगे तार या तकनीकी खराबी के कारण बिजली के करंट की चपेट में आ गया। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार मृतक ही अपने परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था, जिसकी अचानक मौत से परिवार के सामने जीविकोपार्जन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल उचित आर्थिक सहायता और सरकारी मुआवजा देने की गुहार लगाई है।


सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि करंट किन परिस्थितियों में लगा और क्या विद्युत सुरक्षा में कोई लापरवाही हुई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट