भीषण आगलगी मे 5 परिवारों के घर जलकर राख, 5 लाख की संपत्ति स्वाहा

भीषण आगलगी मे 5 परिवारों के घर जलकर राख, 5 लाख की संपत्ति स्
भीषण आगलगी मे 5 परिवारों के घर जलकर राख- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के मरौना प्रखंड अंतर्गत सरोजा बेला पंचायत के वार्ड संख्या-12 स्थित कोनी गांव में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिजनों को घर से सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। ग्रामीणों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पांच परिवारों के आशियाने पूरी तरह तबाह हो चुके थे।


5 परिवारों का सब कुछ राख, 5 लाख की क्षति

इस अगलगी में सुखदेव यादव, दिनेश यादव, शंभू यादव, दीपक यादव और संजय यादव के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। अग्निकांड में घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और आवश्यक सरकारी कागजात जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 5 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति का नुकसान हुआ है।


खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर पीड़ित परिवार

घर और जमा-पूंजी जल जाने के कारण पीड़ित परिवार इस समय खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। घटना के बाद स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को सांत्वना दी तथा स्थिति का जायजा लेते हुए त्वरित प्रशासनिक मदद की मांग की।


महेश कुमार यादव ने दी 1-1 हजार रुपये की फौरी आर्थिक सहायता

घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सह पंचायत समिति प्रतिनिधि महेश कुमार यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों का हाल जाना और मानवीय संवेदना व्यक्त करते हुए प्रत्येक पीड़ित परिवार को तत्काल 1-1 हजार रुपये की फौरी आर्थिक सहायता दी। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से अविलंब राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।


जांच के बाद मिलेगा सरकारी मुआवजा: अंचल अधिकारी अभिजीत

मामले को लेकर मरौना के अंचल अधिकारी (CO) अभिजीत ने बताया कि घटना की जानकारी ली गई है और क्षति का आकलन कराया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद सरकारी प्रावधानों के अनुसार सभी पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और राहत सामग्री जल्द उपलब्ध करा दी जाएगी।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट