सुपौल में भीषण सड़क हादसा: बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत, चालक फरार

सुपौल जिले मे रफ्तार का कहर थमने का नाम नही ले रहा है। मंगलवार को एकबार फिर तेज रफ्तार ने एक युवक की जान ले ली। जिले के एनएच -106 पर एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को रौंद डाला, घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई....

सुपौल में भीषण सड़क हादसा: बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की
सड़क दुर्घटना में युवक की मौत (मृतक की फाइल फोटा)- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के करजाईन थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सतपोखरिया के समीप एनएच-106 पर एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रतनपुर थाना क्षेत्र के सोनापुर गांव निवासी मोहम्मद कलीमुद्दीन के 24 वर्षीय पुत्र रब्बान अंसारी के रूप में की गई है।


मुंबई से सिलाई का काम कर लौटा था गांव

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, रब्बान अंसारी मुंबई में सिलाई का काम करता था और कुछ ही दिन पहले अपने गांव वापस आया था। मंगलवार को वह किसी जरूरी काम से बाइक पर सवार होकर सिमराही बाजार जा रहा था। इसी दौरान सतपोखरिया के पास वीरपुर की तरफ से आ रही 'राहुल राज' नामक बस ने उसकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।


टक्कर के बाद बस चालक वाहन समेत फरार

हादसा इतना भीषण था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बस चालक मौके से तेज गति में वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही करजाईन थानाध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया है।


युवक की मौत से परिजनों में कोहराम

24 वर्षीय रब्बान की अचानक हुई मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।


फरार बस और चालक की तलाश में जुटी पुलिस

मामले में करजाईन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस फरार राहुल राज बस और उसके चालक की शिनाख्त के लिए आसपास के रास्तों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। जल्द ही वाहन को जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट