मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

सुपौल जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है....

मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा म
प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार - फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले में नशीले पदार्थों के अवैध सेवन, बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पिपरा थाना पुलिस ने त्वरित छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं और अवैध धंधे में शामिल दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।


तेतराही गांव के बांसबाड़ी में चल रहा था अवैध कारोबार

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए सुपौल सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) राजीव रंजन ने बताया कि पिपरा थाना क्षेत्र के तेतराही वार्ड संख्या-13 स्थित एक बांसबाड़ी में अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन की बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम का गठन कर तुरंत छापेमारी की गई।


आशुतोष और रविन्द्र गिरफ्तारमौके से 227 एम्पूल नशीले इंजेक्शन जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बांसबाड़ी से कुल 227 एम्पूल (लगभग 454 एमएल) प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए। इसके साथ ही मौके पर अवैध खरीद-बिक्री में संलिप्त दो आरोपियों—आशुतोष कुमार एवं रविन्द्र कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।


पिपरा थाने में प्राथमिकी दर्जदोनों आरोपियों को भेजा गया जेल

एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि बरामदगी व गिरफ्तारी के संबंध में पिपरा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी कानूनी कागजी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


नशीली दवाओं के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिसआगे भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीले इंजेक्शनों की खेप कहां से लाई गई थी और इनके मुख्य सप्लायर कौन हैं। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट