भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई: 451 किलो गांजा और 77 लीटर नेपाली शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई: 451 किलो गांजा और 7
भारी मात्रा गांजा और नेपाल शराब जब्त- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध तस्करी और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बीरपुर और बिहार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त रूप से चलाए गए विशेष सतर्कता अभियान के दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ और अवैध नेपाली शराब जब्त की गई है। इस पूरी कार्रवाई में सीमा पार से तस्करी कर लाया गया कुल 451 किलोग्राम गांजा तथा 77.325 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई है।


कोसी नदी किनारे झाड़ियों से बरामद हुआ 451 किलो गांजा 

संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने सीमा स्तंभ संख्या-1500 के समीप कोसी नदी किनारे गहन छानबीन की। वहां झाड़ियों के बीच छिपाकर रखे गए 14 बड़े बंडलों से लगभग 451 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। प्राथमिक जांच के अनुसार, तस्कर नदी मार्ग से गांजे की इस बड़ी खेप को भारतीय सीमा में लाकर झाड़ियों में छिपा चुके थे। कागजी व कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत जब्त गांजे को आगे की कार्रवाई के लिए रतनपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया। इस अभियान में द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश शर्मा, उपकमांडेंट सुमन सौरभ, सहायक कमांडेंट जगतार सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।


नेपाल जा रहा तस्कर 20 किलो प्रतिबंधित सामग्री के साथ गिरफ्तार 

एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई में सीमा चौकी नियोर के जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर 30 जुलाई की रात भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक संदिग्ध युवक को रोका। पकड़ा गया युवक नेपाल के सप्तरी जिले का निवासी राजेश शाह बताया जा रहा है। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लगभग 20 किलोग्राम प्रतिबंधित 'प्रोटिट' बरामद किया गया। जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद सामग्री और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को जब्त कर लैंड कस्टम कार्यालय, कुनौली के सुपुर्द कर दिया।


महादलित टोला में छापेमारीभारी मात्रा में नेपाली शराब जब्त 

शराब तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत एसएसबी की त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) और बिहार पुलिस ने बीरपुर के महादलित टोला स्थित सुधीर पंडित के ठिकाने पर छापेमारी की। वहां से 23.325 लीटर नेपाली सोफी/शराब बरामद कर आरोपी सुधीर पंडित को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा, एक अन्य कार्रवाई में सीमा चौकी शैलेशपुर के जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या-206/4 के पास साइकिल से ले जाई जा रही 54 लीटर नेपाली शराब जब्त की, हालांकि इस दौरान मौका पाकर तस्कर नेपाल की सीमा में भागने में सफल रहा।


सीमा सुरक्षा और तस्करी पर 45वीं वाहिनी कमांडेंट का कड़ा रुख 

45वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर किसी भी प्रकार की तस्करी, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और अवांछनीय गतिविधियों को रोकने के लिए एसएसबी पूरी सतर्कता, प्रतिबद्धता और कड़ाई के साथ लगातार गश्त और अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र में चौकसी और बढ़ा दी गई है ताकि तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट