मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर सुपौल में मीडिया संवाद : केंद्रीय मंत्री राज भूषण निषाद ने गिनाईं उपलब्धियां, कहा- 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास की है यह यात्रा

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने सुपौल में केंद्रीय मंत्री राज भूषण निषाद ने पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, इन्फ्रास्ट्रक्चर के विस्तार और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती साख को सामने रखा...

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर सुपौल में मीडिया संवाद :
केंद्रीय मंत्री राज भूषण निषाद ने गिनाईं मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियां- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर शनिवार को सुपौल अतिथि गृह में एक 'मीडिया संवाद' का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राज भूषण निषाद ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) के विस्तार और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती साख को प्रमुखता से सामने रखा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह 12 वर्षों की यात्रा केवल सरकार की उपलब्धियों की नहीं, बल्कि देशवासियों के अटूट विश्वास, सुशासन और सेवा भाव की एक महान कहानी है।


डीबीटी से रुकी भ्रष्टाचार की लूट, समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा विकास

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से लेकर अब तक सरकार ने "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मूलमंत्र को धरातल पर उतारा है। डिजिटल गवर्नेंस और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से देश में पारदर्शिता बढ़ी है। बिचौलियों और फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगाकर सरकारी धन की एक बड़ी बचत सुनिश्चित की गई है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण देश के करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और शासन व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनी है।


गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और किसानों की समृद्धि पर विशेष जोर

केंद्रीय मंत्री ने गरीब कल्याण योजनाओं का विशेष उल्लेख करते हुए बताया कि जनधन योजना, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड, और प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीबों के जीवन को पूरी तरह बदल दिया है। वहीं उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई है। उन्होंने छोटे कारोबारियों के लिए मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कदमों ने देश में स्वरोजगार को एक नई दिशा दी है। इसके अलावा, किसानों के लिए 'पीएम किसान सम्मान निधि' और महिलाओं के लिए 'लखपति दीदी' व 'सुकन्या समृद्धि योजना' को सरकार की सबसे क्रांतिकारी पहलों में शामिल किया गया।


हाईवे, वंदे भारत और डिजिटल कनेक्टिविटी से बदली आधुनिक भारत की तस्वीर

बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में विकास का खाका खींचते हुए केंद्रीय मंत्री राज भूषण निषाद ने कहा कि सड़क, रेलवे, मेट्रो, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी में बड़े पैमाने पर ऐतिहासिक निवेश किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों का जाल तेजी से बढ़ा है, रेलवे का व्यापक विद्युतीकरण हुआ है, और 'अमृत भारत स्टेशन योजना' व 'वंदे भारत' जैसी आधुनिक ट्रेनें नए भारत की पहचान बन चुकी हैं। उन्होंने भारतनेट परियोजना के जरिए गांवों तक ब्रॉडबैंड इंटरनेट पहुंचाने और 'कर्तव्य पथ', 'नए संसद भवन' व 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के निर्माण को देश की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव को मजबूत करने वाला कदम बताया।


वैश्विक पटल पर बढ़ा देश का मान, मीडिया संवाद में जुटे दिग्गज नेता

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान और वैश्विक मंचों पर पीएम मोदी को मिले सर्वोच्च सम्मान इस बात का प्रतीक हैं कि आज भारत विश्व बंधु के रूप में उभर रहा है।

इस महत्वपूर्ण मीडिया संवाद के अवसर पर केंद्रीय मंत्री के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव, पूर्व सांसद विश्व मोहन कुमार, पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर, अनुरंजन झा, दिलीप सिंह, पवन अग्रवाल, प्रदीप सिंह, राघवेंद्र झा, कुणाल ठाकुर, केशव गुड्डू, रणधीर ठाकुर, मनोज पाठक, विमलेंदु ठाकुर, जयंत मिश्र, सचिन माघोगड़िया, प्रो. बैधनाथ भगत, विनीता देवी, सीमा देवी, रूबी जायसवाल, अशोक शर्मा और गोपाल झा सहित भारी संख्या में एनडीए व भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट