Bihar News : सुपौल के लालपट्टी गांव में नशामुक्ति को लेकर ग्रामीणों ने की बैठक, अवैध खरीद-बिक्री पर लगेगा भारी सामाजिक जुर्माना
Bihar News : सुपौल में सैकड़ों ग्रामीणों ने एकजुट होकर गांव को शराब, गांजा, स्मैक और अन्य मादक पदार्थों से पूरी तरह मुक्त कराने का सामूहिक संकल्प लिया.....पढ़िए आगे
SUPAUL : जिले के पिपरा थाना क्षेत्र की तुलापट्टी पंचायत स्थित लालपट्टी गांव में शनिवार को नशामुक्ति अभियान को लेकर हनुमान मंदिर परिसर में ग्रामीणों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैकड़ों ग्रामीणों ने एकजुट होकर गांव को शराब, गांजा, स्मैक समेत अन्य मादक पदार्थों से पूरी तरह मुक्त कराने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने नशे की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए सामाजिक स्तर पर कड़े कदम उठाने का निर्णय लिया। बैठक के बाद ग्रामीणों ने गांव में जागरूकता जुलूस भी निकाला। जुलूस के माध्यम से लोगों से नशे से दूर रहने तथा किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री नहीं करने की अपील की गई। ग्रामीणों ने कहा कि नशे का बढ़ता प्रचलन समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसका सबसे अधिक प्रतिकूल प्रभाव युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।
नशा बेचते पकड़े जाने पर 51 हजार का सामाजिक दंड
बैठक में नशे के कारोबार पर रोक लगाने को लेकर कड़ा सामाजिक निर्णय लिया गया। पूर्व मुखिया लक्ष्मीकांत भारती, पंचायत समिति सदस्य वीरेंद्र शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सूखा नशा बेचते हुए पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति पर 51 हजार रुपये का सामाजिक दंड लगाया जाएगा। वहीं, नशे की खरीद करते पकड़े जाने पर 5,100 रुपये का सामाजिक दंड निर्धारित किया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि यह सामाजिक नियम सभी लोगों पर समान रूप से लागू होगा। नशे की खरीद-बिक्री से जुड़ा मामला सामने आने पर ग्रामीण स्तर पर कार्रवाई के साथ संबंधित प्रशासन को भी इसकी सूचना दी जाएगी। हालांकि, सामाजिक दंड के साथ किसी भी कानूनी कार्रवाई का अधिकार संबंधित प्रशासन एवं कानून-व्यवस्था तंत्र के अधीन रहेगा।
युवा पीढ़ी को नशे से बचाने की सामूहिक पहल
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नशे की गिरफ्त में आने से युवा वर्ग का भविष्य बर्बाद हो रहा है। नशे के कारण परिवारों में विवाद, आर्थिक परेशानी और अन्य सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में केवल प्रशासनिक कार्रवाई से नहीं, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जा सकता है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार अपने स्तर से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाए और युवाओं को इससे दूर रखने का प्रयास करे तो इस सामाजिक बुराई पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।
गांव में शांति और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प
बैठक में ग्रामीणों ने गांव में शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखने का भी संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण सामूहिक प्रयास से ही संभव है। ग्रामीणों ने अभियान को आगे भी जारी रखने और गांव के प्रत्येक परिवार तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का निर्णय लिया। बैठक में दीपक कुमार, मोहम्मद अली, सुरेश नायक, नंदकिशोर कुमार, रंजीत ठाकुर, चिंटू कुमार, राजेश ठाकुर, नवीन कुमार, विपिन कुमार, कुंदन कुमार, परेश कुमार, मो. जलील, सीताराम शर्मा, देव नारायण मंडल, प्रेम कुमार, संतोष कुमार, राकेश कुमार मंडल, पवन कुमार, नीलकंठ, कन्हैया मंडल, राहुल कुमार, राजेंद्र मंडल, अजीत कुमार दास, रविंद्र मंडल, भास्कर शर्मा, राजू कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
विनय मिश्र की रिपोर्ट