पंचायत विकास दिवस पर डीएम सावन कुमार ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश
Supaul : जिले के सदर प्रखंड के करिहो पंचायत सरकार भवन में रविवार को 'पंचायत विकास दिवस' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और शिकायतें सुनीं। डीएम ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शासन-प्रशासन को ग्रामीणों के करीब लाना ही मुख्य उद्देश्य: डीएम सावन कुमार
जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि पंचायत विकास दिवस का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासन और प्रशासन को लोगों के सीधे संपर्क में लाना है। इससे ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला या प्रखंड मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। उन्होंने अधिकारियों को हर आवेदन का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने और आवेदक को समय पर सूचना देने के निर्देश दिए।
जनकल्याणकारी योजनाओं का पारदर्शी लाभ सुनिश्चित करने का संकल्प
डीएम ने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित केंद्रित कार्यशैली अपनाने की हिदायत दी गई।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, जनप्रनिधियों ने भी रखीं मांगें
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया। डीएम ने चेतावनी दी कि यदि काम में लापरवाही या अनावश्यक विलंब की शिकायत मिली तो दोषी अधिकारियों पर सीधी कार्रवाई होगी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी सड़क, पेयजल, आवास और सामाजिक सुरक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों को डीएम के समक्ष प्रमुखता से रखा।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट