पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना: सुपौल डीएम ने प्रचार वाहन और नुक्कड़ नाटक टीम को दिखाई हरी झंडी

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना: सुपौल डीएम ने प्रचार वाहन औ
डीएम ने प्रचार वाहन और नुक्कड़ नाटक टीम को दिखाई हरी झंडी- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' का लाभ जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय परिसर से विशेष प्रचार अभियान का आगाज किया गया। सुपौल के जिलाधिकारी (डीएम) सावन कुमार ने प्रचार वाहन और नुक्कड़ नाटक मंडली को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


प्रखंडों के 14 चयनित स्थलों पर चलेगा जागरूकता अभियान

प्रचार वाहन और नुक्कड़ नाटक की टीम विद्युत आपूर्ति प्रमंडल सुपौल के तहत आने वाले चार प्रमुख प्रखंडों—सुपौल सदर, किशनपुर, पिपरा और त्रिवेणीगंज के कुल 14 चयनित स्थानों पर पहुंचेगी। यहाँ टीम कला एवं अभिनय के माध्यम से ग्रामीणों को मुफ्त बिजली योजना के लाभ, पात्रता और आवेदन करने की आसान प्रक्रिया की जानकारी देकर जागरूक करेगी।


सब्सिडी और बैंक लोन का बड़ा गणित

योजना का उद्देश्य परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़कर उनके बिजली बिल का बोझ खत्म करना है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बैंकों के माध्यम से महज 5.75% की सस्ती ब्याज दर पर लोन की व्यवस्था भी की गई है। संयंत्र क्षमता के अनुसार मिलने वाले अनुदान का विवरण इस प्रकार है:

  • किलोवाट प्लांट: केंद्र से ₹30,000 सब्सिडी। बिहार सरकार की अतिरिक्त मदद मिलाकर कुल अनुदान ₹40,000
  • किलोवाट प्लांट: केंद्र से ₹60,000 सब्सिडी। राज्य सरकार के अंश के साथ कुल अनुदान ₹80,000
  • किलोवाट या अधिक प्लांट: केंद्र से ₹78,000 की अधिकतम सब्सिडी। बिहार सरकार की अतिरिक्त राशि जोड़ने पर कुल ₹98,000 तक का अधिकतम अनुदान


ज़रूरी दस्तावेज़ और आवेदन का तरीका

योजना का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ता के पास निम्नलिखित दस्तावेज़ व जानकारियाँ होना अनिवार्य है:

  • आधार कार्ड
  • बिजली उपभोक्ता संख्या (Consumer Number)
  • मोबाइल नंबर और बैंक खाते का विवरण
  • मकान/छत के स्वामित्व का प्रमाण पत्र


इच्छुक उपभोक्ता योजना की आधिकारिक वेबसाइट, 'बिहार ऐप' या 'पीएम सूर्य घर' मोबाइल ऐप के ज़रिए आसानी से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।


इस अवसर पर विद्युत अधीक्षण अभियंता (सहरसा) संतोष कुमार, कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार रंजन (सुपौल) व धनंजय कुमार सिंह (राघोपुर), वरीय प्रबंधक दीपक कुमार सहित विद्युत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


विनय कुमार मिश्र रिपोर्ट