पुलिस ने छापेमारी कर बरामद किया 342 किलो गांजा, बाजार में बताई जा रही तकरीबन 1.37 करोड़ कीमत

नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुपौल पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने तकरीबन 1.37 करोड़ का गांजा बरामद किया है। गांजे को नदी के रास्ते लाया जा रहा था। हालांकि इस दौरान पुलिस को चमका देकर तस्कर फरार हो गया...

पुलिस ने छापेमारी कर बरामद किया 342 किलो गांजा, बाजार में बत
पुलिस ने बरामद किया 1.37 करोड़ का गांजी- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोसी पूर्वी तटबंध के रानीगंज स्पर संख्या-4 के पास से 342 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 36 लाख 80 हजार रुपये (40 हजार रुपये प्रति किलो) आंकी गई है। वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भीमनगर पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है।


कोसी नदी में ट्यूब और बांस की नाव से हो रही थी तस्करी 

भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार को सूचना मिली थी कि रानीगंज कोसी बांध के पास गांजे की बड़ी खेप पहुंचाई गई है। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो तस्करों ने नदी के रास्ते बांस, रस्सी और ट्रक के ट्यूब से देसी नाव तैयार कर रखी थी। पुलिस की भनक लगते ही तस्कर अंधेरे और नदी का फायदा उठाकर चकमा देकर फरार हो गए।


तलाशी में प्लास्टिक के बोरों से मिला 342 किलो गांजा 

पुलिस टीम ने जब मौके पर खड़ी ट्यूब-बांस की नाव और आसपास की तलाशी ली, तो उसमें प्लास्टिक के कई बोरे लदे मिले। बोरों की जाँच करने पर उनमें भारी मात्रा में गांजा पाया गया। पुलिस ने सभी बोरों और तस्करी में इस्तेमाल देसी नाव को जब्त कर थाने लाया, जहाँ वजन कराने पर कुल 342 किलो गांजा पाया गया।


एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्जतस्करों की पहचान में जुटी पुलिस 

वीरपुर एसडीपीओ ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार तस्करों के नेटवर्क को खंगालने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस सफल छापेमारी दल में भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, एएसआई बिपिन कुमार, पीटीसी रामचंद्र चौधरी और पुलिस बल के जवान शामिल थे।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट