सुपौल में मद्य निषेध अवर निरीक्षक परीक्षा संपन्न: 44% रही उपस्थिति, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
Supaul : मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक (Sub Inspector) पद के लिए लिखित परीक्षा रविवार को सुपौल अनुमंडल में पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हो गई। जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से परीक्षा को निष्पक्ष बनाने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी छह निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) के साथ भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहा। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व सभी अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच और सघन तलाशी ली गई।
आधे से अधिक परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
परीक्षा समाप्ति के बाद केंद्राधीक्षकों से प्राप्त आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 3,768 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। हालांकि, परीक्षा देने के लिए सिर्फ 1,659 अभ्यर्थी ही केंद्रों पर पहुंचे, जबकि 2,109 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में कुल उपस्थिति लगभग 44 प्रतिशत ही दर्ज की गई। राहत की बात यह रही कि पूरे अनुमंडल में किसी भी केंद्र से कदाचार के आरोप में किसी परीक्षार्थी के निष्कासन या हंगामे की कोई खबर सामने नहीं आई।
विभिन्न केंद्रों का उपस्थिति विवरण
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सेंट जेवियर्स उच्च विद्यालय में 576 में से 266 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। हजारी उच्च माध्यमिक विद्यालय में 600 में से 258 और टी.सी. उच्च विद्यालय में 600 में से 256 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। सबसे बड़े केंद्रों में शामिल सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय में 744 में से 332, आर.एस.एम. पब्लिक स्कूल में 744 में से 315 तथा बबुजन विश्वेश्वर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में कुल 504 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 232 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर रहा पूर्ण प्रतिबंध
भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर था। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और प्रतिबंधित सामग्रियों को ले जाने की सख्त मनाही थी। अधिकारियों ने स्वयं विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा केंद्रों के बाहर भी अनावश्यक भीड़ को एकत्र नहीं होने दिया गया, जिससे यातायात और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी रही।
सफल आयोजन पर प्रशासन ने जताई संतुष्टि
जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए खैरियत प्रतिवेदन जारी किया है। इसके साथ ही परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की तत्परता की सराहना की गई है। अधिकारियों ने कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में आयोजित होने वाली अन्य परीक्षाओं में भी इसी तरह की सख्त एवं प्रभावी व्यवस्था कायम रखी जाएगी।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट