कोसी का बढ़ता जलस्तर: बराज से डिस्चार्ज में भारी वृद्धि, तटबंधों पर चौकसी बढ़ी

नेपाल की तराई और सीमांचल के इलाको में हो रही बारिश के कारण कोसी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव का जारी है। कोसी बराज मे बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है.....

कोसी का बढ़ता जलस्तर: बराज से डिस्चार्ज में भारी वृद्धि, तटब
कोसी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव का दौर जारी- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : नेपाल के तराई क्षेत्रों सहित कोसी नदी के जलग्रहण (कैचमेंट) इलाकों में हो रही लगातार बारिश के कारण कोसी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। सोमवार की शाम कोसी बराज से पानी का डिस्चार्ज तेजी से बढ़ते हुए 1.72 लाख क्यूसेक के पार दर्ज किया गया। जल संसाधन विभाग के अनुसार, बराज से छोड़ा गया पानी फिलहाल स्थिर अवस्था में है, लेकिन नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एहतियात बरती जा रही है।


शाम 6 बजे दर्ज हुआ 1,72,435 क्यूसेक डिस्चार्ज

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई को शाम 6 बजे कोसी बराज से डाउनस्ट्रीम (D/S) में कुल 1,72,435 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस दौरान पूर्वी कोसी मुख्य नहर (E.K.M.C.) और पश्चिमी कोसी मुख्य नहर (W.K.M.C.) में पानी का डिस्चार्ज पूरी तरह शून्य दर्ज किया गया। वहीं दूसरी ओर, नेपाल के बराह क्षेत्र में भी सोमवार शाम 6 बजे पानी का डिस्चार्ज 1,19,250 क्यूसेक मापा गया, जो फिलहाल स्थिर बना हुआ है।


तटबंधों पर चौकसी बढ़ी, अधिकारी रख रहे पैनी नजर

कोसी नदी के इस बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारी और अभियंता लगातार निगरानी कर रहे हैं। बराज के सभी फाटकों (गेटों) की स्थिति और उनकी कार्यप्रणाली पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही, नदी के बढ़ते दबाव से निपटने और मुख्य तटबंधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील स्थलों पर चौकसी और पेट्रोलिंग काफी बढ़ा दी गई है।


तटीय इलाकों में अलर्ट, स्थानीय प्रशासन मुस्तैद

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है और सब कुछ पूरी तरह नियंत्रण में है। हालांकि, नेपाल में लगातार हो रही बारिश की संभावना को देखते हुए नदी के किनारे और निचले इलाकों में बसे गांवों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय जिला प्रशासन को भी पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है।


मानसून के दौरान बदलती रहती है कोसी की रफ्तार

उल्लेखनीय है कि मानसून के दौरान नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाली बारिश की वजह से कोसी नदी के जलस्तर में बहुत तेजी से बदलाव होता रहता है। अचानक पानी बढ़ने से निचले इलाकों में पानी फैलने का खतरा बना रहता है। यही कारण है कि जल संसाधन विभाग और स्थानीय प्रशासन आने वाले दिनों में बारिश की स्थिति को देखते हुए लगातार सुरक्षात्मक कदम उठा रहा है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट