सिमराही में सोलर ऊर्जा को मिला नया विस्तार, 'शुभारंभ वेंचर्स' कार्यालय का हुआ भव्य उद्घाटन
Supaul : जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही नगर पंचायत के हॉस्पिटल रोड में गुरुवार को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ा। 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' से जुड़े अधिकृत सोलर ऊर्जा केंद्र 'शुभारंभ वेंचर्स' के नए कार्यालय का विधिवत फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि सिमराही के दो स्थानीय युवाओं—उमेश कुमार गुप्ता और तेजू जायसवाल द्वारा सौर ऊर्जा क्षेत्र में शुरू किया गया यह स्टार्टअप बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना देश को हरित ऊर्जा की ओर ले जाने का क्रांतिकारी कदम है। इस योजना के तहत इच्छुक उपभोक्ता भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर अपनी बिजली उपभोक्ता संख्या दर्ज कर आसानी से आवेदन कर सकते हैं, जहाँ उन्हें आसान ऋण और सरकारी सब्सिडी का लाभ भी दिया जा रहा है।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने कहा कि यह योजना ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनाने की एक दूरदर्शी पहल है। उन्होंने स्थानीय लोगों से आगे आकर इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव ने बताया कि सौर ऊर्जा को अपनाना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हर महीने बिजली बिल के भारी खर्च को कम करने का सबसे प्रभावी जरिया है।
समारोह में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर, भाजपा नेता सचिन माधोगरिया सहित कई जनप्रतिनिधि, व्यवसायी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को योजना के लाभ, रूफटॉप सोलर पैनल की कार्यप्रणाली और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट