भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा को लेकर SSB और APF की समन्वय बैठक, तस्करी रोकने पर जोर
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर SSB और APF नेपाल के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। इस बैठक में मादक पदार्थ और मानव तस्करी की रोकथाम के लिए त्वरित सूचना तंत्र पर सहमति बनी.....
Supaul : भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और दोनों देशों की एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से सोमवार को सुपौल के भीमनगर चेक पोस्ट पर एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) और सशस्त्र पुलिस बल (APF) नेपाल के अधिकारियों के बीच हुई इस बैठक में सीमा की वर्तमान सुरक्षा स्थिति, अवैध आवागमन, तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मादक पदार्थ और मानव तस्करी की रोकथाम के लिए त्वरित सूचना तंत्र पर सहमति
बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ते नशीले पदार्थों के कारोबार और मानव तस्करी जैसी गंभीर समस्याओं पर रोक लगाने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई। दोनों पक्षों ने संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर सहमति जताई। सीमा पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों एजेंसियों ने नियमित संपर्क में रहने का निर्णय लिया।
संयुक्त गश्त बढ़ाने और बाढ़ के दौरान राहत-बचाव कार्यों पर मंथन
सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों ने संयुक्त गश्त (ज्वाइंट पेट्रोलिंग) को और अधिक प्रभावी एवं नियमित बनाने पर जोर दिया। इसके अलावा, वर्तमान मानसून और बाढ़ की आशंका को ध्यान में रखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बाढ़ जैसी आपदा के समय दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच आपदा प्रबंधन और सहयोग प्रणाली को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
खुली सीमा की चुनौतियों से निपटने को नियमित बैठकों पर प्रतिबद्धता
दोनों देशों के अधिकारियों ने माना कि भारत-नेपाल की खुली सीमा के कारण सुरक्षा चुनौतियां काफी जटिल हैं, जिनसे निपटने के लिए आपसी विश्वास, सहयोग और निरंतर संवाद जरूरी है। भविष्य में भी इस प्रकार की समन्वय बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया गया, ताकि सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा के साथ-साथ शांतिपूर्ण माहौल बना रहे।
बैठक में भारत और नेपाल के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी रहे मौजूद
इस सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई बैठक में 45वीं वाहिनी SSB की ओर से कमानडेंट गौरव सिंह, प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमानडेंट हरजीत राव और निरीक्षक गिरिराज प्रसाद मीणा उपस्थित रहे। वहीं APF नेपाल का प्रतिनिधित्व 04 बटालियन के एसपी लभ कुमार सापकोटा, 06 बटालियन के एसपी नवीन सिंह राई, डीएसपी फुरजी शेरपा और इंस्पेक्टर बिंदुर कार्की समेत अन्य अधिकारियों ने किया।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट