Bihar Road Accident : सुपौल में एनएच-27 पर ट्रक का स्टेयरिंग फेल, ई-रिक्शा को मारी टक्कर, चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से हुए जख्मी

Bihar Road Accident : सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही स्थित एनएच-27 पर धर्मपट्टी क्रॉसिंग के समीप रविवार को स्टेयरिंग फेल होने के कारण बेकाबू हुए एक ट्रक ने सीटी रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी.....पढ़िए आगे

Bihar Road Accident : सुपौल में एनएच-27 पर ट्रक का स्टेयरिंग
ट्रक का स्टीयरिंग फेल - फोटो : VINAY

SUPAUL : बिहार के सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र से एक बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। सिमराही स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर धर्मपट्टी क्रॉसिंग के समीप रविवार को एक बेकाबू ट्रक ने आगे चल रहे ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने सक्रियता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। घायलों की पहचान भपटियाही थाना क्षेत्र के गड़िया (वार्ड-8) निवासी 28 वर्षीय जोशी देवी, नारायणपुर (वार्ड-8) निवासी विमला देवी और किशनपुर थाना क्षेत्र के थरबिट्टा (वार्ड-6) निवासी 34 वर्षीय ई-रिक्शा चालक बिनोद यादव के रूप में की गई है।

अस्पताल में उपचाराधीन घायल जोशी देवी ने आपबीती बताते हुए कहा कि वह ई-रिक्शा पर सवार होकर गड़िया से सिमराही बाजार की ओर जा रही थीं। इसी दौरान धर्मपट्टी क्रॉसिंग के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा, जिससे उसमें सवार लोग लहूलुहान हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा बेहद भीषण था। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए, उसके शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए और वाहन पर खून के धब्बे भी साफ देखे जा सकते थे। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे ट्रक (संख्या: PB-04AA-6281) को स्थानीय ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया और उसके चालक सोजिनंदर को भी बंधक बना लिया। पूछताछ में ट्रक चालक ने दावा किया कि चलती गाड़ी का स्टेयरिंग अचानक फेल हो जाने के कारण वाहन बेकाबू हो गया था और यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलने के बाद राघोपुर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस को दुर्घटना की जानकारी मिली है और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन मिलते ही मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ट्रक को जब्त कर लिया गया है।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट