एनएच-27 पर दर्दनाक हादसा: बस और 10 चक्का ट्रेलर के बीच दबने से चालक की मौत

एनएच-27 पर दर्दनाक हादसा: बस और 10 चक्का ट्रेलर के बीच दबने
बस और 10 चक्का ट्रेलर के बीच दबने से चालक की मौत- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामविशनपुर स्थित एनएच-27 किनारे एसआरएससी (SRSC) प्लांट परिसर में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ बस और 10 चक्का ट्रेलर के बीच बुरी तरह दब जाने के कारण एक बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान भागलपुर जिले के नौगछिया निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है, जो वीणा बस रोडवेज की बस चलाने का काम करता था।


देर रात प्लांट परिसर में घटी दुर्घटना

घटना के संबंध में प्लांट कर्मियों ने बताया कि रात करीब 9:20 बजे बस को प्लांट परिसर के भीतर खड़ा किया गया था। इसके बाद चालक भोजन करने के लिए गया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब विनोद वापस नहीं लौटा, तो सुरक्षा गार्ड उसे देखने पहुँचा। वहाँ विनोद को दोनों भारी वाहनों के बीच फँसा देख गार्ड ने शोर मचाया, जिसके बाद प्लांट के अन्य कर्मचारी मौके पर एकत्रित हुए।


ट्रेलर को बैक करने के दौरान हुआ हादसा

मामले की जानकारी मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुँची। गश्ती पुलिस अधिकारी के अनुसार, प्राथमिक जाँच में यह बात सामने आई है कि बस चालक बस के आगे खड़ा था, तभी 10 चक्का ट्रेलर को पीछे (रिवर्स) किया जा रहा था। इसी दौरान अनजाने में चालक दोनों वाहनों के बीच दब गया और उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों के बीच फँसे शव को बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसआरएससी के यांत्रिक प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को देने के साथ-साथ मृतक विनोद कुमार के परिजनों को भी तुरंत सूचित कर दिया गया है।


हादसे के बाद अफरा-तफरी, जांच में जुटी पुलिस

इस भीषण हादसे के बाद प्लांट परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा। पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह हादसा किस परिस्थिति में हुआ और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसका पूरा खुलासा जांच प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही हो सकेगा।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट