सुपौल में दर्दनाक सड़क हादसा: सड़क किनारे खड़े 4 वर्षीय मासूम को अज्ञात बाइक ने रौंदा, इलाज के दौरान मौत

प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। राज्य के किसी न किसी जिले से आए दिन सड़क दुर्घटना में मौत की खबर सामने आना सामान्य बात हो गई है। ताजा मामला सुपौल जिले से सामने आया है। जहां तेज रफ्तार ने एक बच्चे की जान ले ली....

सुपौल में दर्दनाक सड़क हादसा: सड़क किनारे खड़े 4 वर्षीय मासू

Supaul : जिले के त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत कुपड़िया वार्ड संख्या-1 में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां सड़क किनारे खड़े चार वर्षीय मासूम को तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए सुपौल स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।


दिल्ली में मजदूरी करते हैं पिता, इकलौते चिराग की मौत से टूटा परिवार

मृतक बच्चे की पहचान कुपड़िया निवासी चंदन कुमार के 4 वर्षीय इकलौते पुत्र दुर्लभ कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि दुर्लभ उनका इकलौता बेटा था और उसकी कोई बहन भी नहीं है। मासूम के पिता चंदन कुमार दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। इकलौते चिराग की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया है।


अस्पताल में देर रात तोड़ा दम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग खून से लथपथ मासूम को उठाकर इलाज के लिए सुपौल के निजी नर्सिंग होम पहुंचे थे। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन चोट गंभीर होने के कारण देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घर के इकलौते बच्चे को खोने के बाद माँ और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना दिल्ली में मौजूद पिता को दे दी गई है।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी टीम

घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ कर जरूरी जानकारी जुटाई।


अज्ञात बाइक चालक की तलाश जारी, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात बाइक चालक की पहचान के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आरोपी की पहचान होते ही उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट