सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत के बाद NH-27 पर भारी हंगामा, ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर ढाई घंटे जाम
Supaul : जिले के निर्मली थाना क्षेत्र अंतर्गत हरियाही में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बुजुर्ग की दर्दनाक मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मृतक के शव को राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर रखकर सड़क जाम कर दिया और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस कारण दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग ढाई घंटे तक यातायात पूरी तरह से ठप रहा।
बांस लदे तेज रफ्तार कंटेनर ने कुचला, मौके पर ही मौत
मृतक की पहचान हरियाही गांव (वार्ड नंबर-7) के निवासी 68 वर्षीय देव नारायण राउत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वे साइकिल पर सवार होकर सड़क पार कर रहे थे, तभी बांस लदे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रख किया प्रदर्शन, प्रखंड प्रमुख भी धरने में शामिल
हादसे की खबर मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और हरियाही के पास ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब से यह फोरलेन बना है, तब से इस पॉइंट पर आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं। निर्मली प्रखंड प्रमुख रामप्रवेश कुमार यादव भी ग्रामीणों के समर्थन में उतरे और कहा कि जनता की सुरक्षा के लिए यहाँ ओवरब्रिज का बनना अत्यंत आवश्यक है।
घटना की सूचना पर निर्मली के एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा, डीएसपी अनुपेश नारायण और प्रभारी सीओ शाहिना बेगम दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने उग्र ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने माना कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से कदम उठाना जरूरी है।
एसडीएम और डीएसपी के आश्वासन व विभाग को प्रस्ताव भेजने के वादे के बाद बहाल हुआ आवागमन
लगभग ढाई घंटे तक चले गतिरोध के बाद एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा द्वारा संबंधित विभाग को जल्द से जल्द ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव भेजने का लिखित/मौखिक आश्वासन दिया गया। अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और NH-27 पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट