Bihar Rail accident: रेल हादसे की दर्दनाक दास्तान, राघोपुर स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर, महिला की मौत से मचा कोहराम
Bihar Rail accident: दरभंगा से फारबिसगंज जाने वाली डेमू सवारी गाड़ी में चढ़ने के दौरान एक महिला का पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गई।...
Bihar Rail accident: सुपौल के राघोपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात हुआ एक दर्दनाक हादसा पूरे इलाके को गमगीन कर गया। दरभंगा से फारबिसगंज जाने वाली डेमू सवारी गाड़ी में चढ़ने के दौरान एक महिला का पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 11 बजे की है। डेमू ट्रेन संख्या 75217 जैसे ही राघोपुर स्टेशन पर रुकी, यात्रियों की भीड़ उसमें सवार होने लगी। इसी दौरान लक्ष्मीपुर सायत निवासी 41 वर्षीय सुनीता देवी भी ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही वह डिब्बे के पास पहुंचीं, ट्रेन अचानक चल पड़ी। इसी अफरा-तफरी में उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह प्लेटफॉर्म और चलती ट्रेन के बीच गिर गईं।
हादसे में महिला का एक हाथ और एक पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने भरसक प्रयास किए, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतका की पहचान लक्ष्मीपुर सायत निवासी सुनीता देवी, पिता हरिलाल पासवान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह मंगलवार रात अपने मायके से मनिहारी घाट गंगा स्नान के लिए जा रही थीं और इसी उद्देश्य से ट्रेन पकड़ने स्टेशन पहुंची थीं। लेकिन सफर शुरू होने से पहले ही यह हादसा उनकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेन के रुकने और चलने के बीच समुचित व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की कमी के कारण ऐसे हादसे बार-बार सामने आते हैं। वहीं इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।घटना के बाद मृतका के घर में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस और रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि स्थानीय लोग स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्र