एनएच-327 एडी पर सड़क हादसा में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, सरायगढ़ में शोक की लहर

सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-327 एडी पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 43 वर्षीय अनिल कुमार यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक पूर्व मुखिया के पोते थे। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है...

एनएच-327 एडी पर सड़क हादसा में गंभीर रूप से घायल युवक की इला
सड़क हादसा में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत (मृतक की फाइल फोटो)- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-327 एडी पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 43 वर्षीय अनिल कुमार यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि अनिल कुमार यादव गुरुवार को भपटियाही बाजार से सब्जी खरीदकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सरायगढ़ गांव के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से जख्मी हो गए।


नेपाल के अस्पताल में तोड़ा दम

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों के सहयोग से उन्हें सरायगढ़-भपटियाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए नेपाल के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका। इलाज के दौरान उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।


पूर्व मुखिया के पौत्र थे मृतक, गांव में मातम

मृतक अनिल कुमार यादव सरायगढ़ पंचायत के पूर्व मुखिया छेदी यादव के पौत्र और शिव कुमार यादव के पुत्र थे। वह अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अनिल सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और काफी मिलनसार स्वभाव के थे। जैसे ही उनका शव नेपाल से सरायगढ़ गांव पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।


अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

इधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद भपटियाही थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देकर फरार होने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए सघन जांच शुरू कर दी गई है। इसके लिए घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।


ग्रामीणों ने की सुरक्षा पुख्ता करने की मांग

एनएच-327 एडी पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और चिंता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में अविलंब संकेतक बोर्ड (साइन बोर्ड) लगाए जाएं और हाईवे पर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले वाहनों के खिलाफ पुलिस सख्त चेकिंग अभियान चलाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट