Gold Price: सोने की कीमतों ने रचा इतिहास, यहां का गोल्ड हुआ सस्ता, जानिए भारत में आज क्या है रेट
Gold Price: सोने की कीमतों लगातार उछाल देखने को मिल रहा है। भारत में बीते दिन सोने की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना लिया। आइए जानते हैं आज बाजार में सोने की कीमत क्या है.....

Gold Price: देश में सोने की कीमतों ने इतिहास रच दिया है। मंगलवार को पहली बार 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का आंकड़ा पार करने के बाद बुधवार को 24 कैरेट सोना ₹1,10,360 प्रति 10 ग्राम की दर से कारोबार कर रहा है। यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। देश में सोने की कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है। आइए जानते हैं कि आज यानी 23 अप्रैल को सोने की कीमत क्या है।
अलग-अलग शहरों में सोने और चांदी की कीमतें
मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में 24 कैरेट सोना ₹1,01,360 प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। दिल्ली में यह भाव ₹1,10,510 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है। 22 कैरेट सोना दिल्ली में ₹93,060 और अन्य शहरों में ₹92,910 प्रति 10 ग्राम पर मिल रहा है। चांदी की कीमत में बुधवार को ₹100 की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में यह ₹1,09,900 प्रति किलो, जबकि चेन्नई में ₹1,10,900 प्रति किलो बिक रही है।
वैश्विक बाजारों में गिरावट
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा फेडरल रिजर्व चेयरमैन जेरोम पावेल और यूएस ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट को न हटाने के संकेत, तथा व्यापार तनावों में नरमी की संभावना के चलते अमेरिका में सोने की कीमतों में गिरावट देखी गई है। स्पॉट गोल्ड 1.2% गिरकर $3,340.92 प्रति औंस पर पहुंच गया। यूएस गोल्ड फ्यूचर्स में भी 2% की गिरावट दर्ज की गई और यह $3,349.20 प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है।
स्थानीय बाजारों में मांग से मिली मजबूती
विशेषज्ञों का मानना है कि अक्षय तृतीया और शादी-विवाह के सीजन के चलते देश में सोने की मांग में बढ़ोतरी हुई है। जिससे कीमतों को समर्थन मिला है। दिल्ली में मंगलवार को सोना ₹1,800 की छलांग के साथ 1 लाख के पार चला गया था। कामा ज्वेलरी के एमडी कॉलीन शाह ने बताया, “दिसंबर 2024 से अब तक सोना करीब ₹22,650 या 29% महंगा हुआ है। यह मुख्य रूप से अमेरिका में बढ़ते ब्याज दर तनाव, डॉलर की कमजोरी और चीन-अमेरिका व्यापार अनिश्चितताओं की वजह से हुआ है।” सोने की कीमतों में यह उछाल निवेशकों के लिए संकेत है कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में सोना एक सुरक्षित निवेश विकल्प बना हुआ है। आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।