Bihar Job: शिक्षा विभाग में बंपर भर्ती, ग्रेजुएट युवाओं को मिलेगा मौका, 1 दिसंबर से आवेदन, ऐसे भरें फार्म

Bihar Job: बिहार में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे स्नातक पास युवाओं के लिए बड़ी खबर है। ...

Bihar Job: शिक्षा विभाग में बंपर भर्ती, ग्रेजुएट युवाओं को म
ग्रेजुएट युवाओं को सुनहरा मौका- फोटो : social Media

Bihar Job: बिहार में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे स्नातक पास युवाओं के लिए बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग ने शिक्षा विभाग में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) के 935 पदों पर बहाली का विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 31 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, परीक्षा शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 30 दिसंबर निर्धारित की गई है। आयोग ने इस भर्ती के लिए विज्ञापन संख्या 16/2026 जारी किया है।

खास बात यह है कि आयोग ने इससे पहले 22 अगस्त 2025 को जारी विज्ञापन संख्या 87/2025 को रद्द कर दिया है। अब नई विज्ञापन संख्या के तहत नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इस भर्ती में आवेदन करने के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या समकक्ष डिग्री होना अनिवार्य है।

पे-लेवल 5 में मिलेगी नौकरी, 29,200 रुपये मूल वेतन

AEDO के पदों के लिए पे-लेवल 5 निर्धारित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को 29,200 रुपये मूल वेतन मिलेगा। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार के नियमों के अनुसार समय-समय पर लागू वेतन पुनरीक्षण और अन्य देय सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।

किस वर्ग के लिए कितनी सीटें?

कुल 935 रिक्तियों को विभिन्न आरक्षित और अनारक्षित श्रेणियों में बांटा गया है। इसमें अनारक्षित वर्ग के लिए 374, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 93, अनुसूचित जाति के लिए 150 और अनुसूचित जनजाति के लिए 10 पद रखे गए हैं। वहीं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 168, पिछड़ा वर्ग के लिए 112 और पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए 28 पद निर्धारित हैं।

महिलाओं को 35 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा, जिसके तहत कुल 319 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों के लिए दो प्रतिशत आरक्षण के तहत 19 पद आरक्षित हैं। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी नियमानुसार क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है।

21 से 42 साल तक के अभ्यर्थियों को मौका

आयोग के विज्ञापन के मुताबिक, 1 अगस्त 2026 को अभ्यर्थियों की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा अनारक्षित पुरुषों के लिए 37 वर्ष निर्धारित की गई है। पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुषों एवं महिलाओं तथा अनारक्षित महिलाओं के लिए अधिकतम उम्र 40 वर्ष है। वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के पुरुष एवं महिलाओं को अधिकतम 42 वर्ष तक आवेदन करने की छूट मिलेगी।

आवेदन से पहले पढ़ लें पूरा नोटिफिकेशन

इच्छुक उम्मीदवार BPSC की आधिकारिक वेबसाइट www.bpsc.bihar.gov.in पर जाकर विज्ञापन संख्या 16/2026 से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले शैक्षणिक योग्यता, उम्र सीमा, आरक्षण और जरूरी दिशा-निर्देशों को अच्छी तरह पढ़ना जरूरी है। आवेदन और परीक्षा शुल्क का भुगतान निर्धारित समयसीमा के भीतर ही करना होगा।