Bihar Vigilance Raid: रईस निकला कार्यपालक अभियंता, पत्नी के नाम 10 प्लॉट के साथ अकूत संपत्ति, इंजीनियर के 6 ठिकानों पर निगरानी के छापे से खुला राज

Bihar Vigilance Raid: ग्रामीण कार्य विभाग के सासाराम प्रमंडल में तैनात कार्यपालक अभियंता की संपत्तियों को लेकर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की जांच में कई अहम दस्तावेज सामने आए हैं।

Patna Engineer Under Vigilance Scanner
रईस निकला इंजीनियर - फोटो : reporter

Bihar Vigilance Raid:  ग्रामीण कार्य विभाग के सासाराम प्रमंडल में तैनात कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास की संपत्तियों को लेकर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की जांच में कई अहम दस्तावेज सामने आए हैं। ब्यूरो की टीम ने पटना, सासाराम, भागलपुर, मुंगेर, कटिहार और नवगछिया स्थित उनके छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। तलाशी के दौरान अभियंता, उनकी पत्नी श्वेता और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर 16 अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिले। इनकी अनुमानित कीमत 2.54 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा तीन चल संपत्तियों का भी पता चला है, जिनका मूल्य करीब 12.30 लाख रुपये आंका गया है।

जांच में सबसे अहम खुलासा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में जमीन की खरीद को लेकर हुआ है। दस्तावेजों के मुताबिक, अजीत कुमार दास ने वर्ष 2021 में किशनगंज में तैनाती के दौरान पत्नी के नाम पर 10 अलग-अलग रजिस्ट्री के जरिए 92 डिसमिल जमीन खरीदी थी। इस जमीन का मौजूदा बाजार मूल्य 10 करोड़ रुपये से अधिक आंका जा रहा है। खास बात यह है कि जनवरी में विभाग को सौंपे गए संपत्ति विवरण में पत्नी के नाम गैर-कृषि भूमि वाले कॉलम में शून्य दर्ज किया गया था।

संपत्ति के ब्योरे में भी कई ऐसे पहलू सामने आए हैं, जिनकी पड़ताल की जा रही है। पटना के जगदेव पथ स्थित सरयुग वर्मिका अपार्टमेंट में दो फ्लैट की रजिस्ट्री के दस्तावेज मिले हैं, जबकि विभाग को दिए गए घोषणा पत्र में केवल एक फ्लैट का जिक्र किया गया था। दूसरा फ्लैट संपत्ति विवरण में शामिल नहीं था। इसके अलावा अभियंता ने अपने नाम 12 एकड़ कृषि भूमि और तीन कट्ठा व्यावसायिक जमीन होने की जानकारी दी थी। पत्नी के नाम 1.2 एकड़ कृषि भूमि और 23 डिसमिल आवासीय भूखंड का उल्लेख किया गया था। हालांकि, संपत्तियों का पूरा पता और उनका बाजार मूल्य नहीं बताया गया। कई जगह मूल्यांकन नहीं होने की बात दर्ज की गई थी।

निगरानी की तलाशी में वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। अभियंता ने एसबीआई, पटना से 49.25 लाख रुपये का कर्ज दिखाया था, जबकि बैंक खाते में जमा राशि महज 46 हजार रुपये बताई गई थी। वहीं, अजीत कुमार दास, उनकी पत्नी और दोनों बेटों के नाम पर हर साल करीब 5.07 लाख रुपये का बीमा प्रीमियम जमा किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इसके अलावा उनके लाइन होटल के कारोबार से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

अब निगरानी ब्यूरो के सामने संपत्तियों की वास्तविक कीमत, खरीद के स्रोत और आय के मुकाबले निवेश का हिसाब मिलाने की चुनौती है। जांच में मिले दस्तावेजों और विभाग को सौंपे गए संपत्ति विवरण के बीच अंतर की पड़ताल के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।