Bihar Crime - बंद मकान पर चोरों का हमला, कैंसर इलाज के लिए दिल्ली गए परिवार के घर से 15-20 लाख की चोरी
Bihar Crime - कैंसर से जूझ रही पत्नी का इलाज कराने गए नई दिल्ली गए। पीछे चोरों ने उनके पूरे घर को साफ कर दिया। इस दौरान लगभग 20 लाख की संपत्ति चुरा ली।

Nawada - बिहार के नवादा जिले के हिसुआ थानाक्षेत्र के हदसा पंचायत के काशी बिगहा गांव में रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लगभग 15 से 20 लाख रुपये की चोरी की है।
घटना उस समय हुई जब गृहस्वामी चंद्रमोलेश्व सिंह अपनी पत्नी विभा देवी का कैंसर का इलाज कराने के लिए दिल्ली गए हुए थे। वे करीब 10 दिन पहले इलाज के लिए गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया।
सोना-चांदी और नगदी की चोरी
ग्रामीणों को घटना की जानकारी तब मिली जब उन्होंने घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। बक्से, पेटियां और अलमारियां सभी तितर-बितर थीं। चोरों ने घर से सोना, चांदी और नकदी चुराई है। सूत्रों के अनुसार, चोरों ने अपने सुराग मिटाने के लिए सभी तालों पर मिट्टी लगा दी ताकि पुलिस को फिंगरप्रिंट न मिल सके। चोरी करने के बाद चोर घर के पिछले दरवाजे से फरार हो गए।
15-20 लाख की संपत्ति की चोरी
घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। चोरी का प्रारंभिक अनुमान 15 से 20 लाख रुपये का लगाया गया है। हालांकि, गृहस्वामी अभी तक गांव नहीं पहुंचे हैं। उनके आने के बाद ही चोरी की गई संपत्ति का सही आकलन हो सकेगा।
गृहस्वामी चंद्रमोलेश्वर सिंह हावड़ा में नींबू का व्यापार करते हैं। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग बेहद दुखी हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
वहीं हिसुआ थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा चोरी की सूचना मिली तब पुलिस दल -बल के साथ गांव पहुंच गयी है। बहरहाल पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है।
Report - aman sinha