तीन महीने पहले हुई शादी का खौफनाक अंत, बंद कमरे में फंदे से लटकता मिला पति-पत्नी का शव

Bihar Crime : बिहार के वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक पति-पत्नी का उसके कमरे से फांसी के फंदे से लटकता शव बरामद हुआ है। सबसे बड़ी बात यह है कि दोनो की महज तीन महीने पहले शादी हुई थी....

तीन महीने पहले हुई शादी का खौफनाक अंत, बंद कमरे में फंदे से
फांसी के फंदे से लटकता मिला नवविवाहित जोड़े का शव- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माईल गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घर के अंदर बंद कमरे से नवविवाहित पति-पत्नी का शव फंदे से लटकता हुआ बरामद किया गया है। महज तीन महीने पहले ही सात फेरे लेकर साथ जीने-मरने की कसम खाने वाले इस जोड़े का ऐसा खौफनाक अंत देखकर हर कोई हैरान है। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और माईल गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।


आवाज देने पर भी कोई हलचल न होने पर परिजनों को हुई चिंता 

मृतकों की पहचान माईल गांव (मकड़ी चौक) निवासी बैजनाथ चौरसिया के 26 वर्षीय पुत्र रवि कुमार और उसकी 21 वर्षीय पत्नी उर्मिला कुमारी के रूप में हुई है। उर्मिला बिदुपुर के ही कुत्तुबपुर सैदपुर निवासी रेखा भगत की पुत्री थी। परिजनों के मुताबिक, दोनों की शादी इसी साल करीब तीन महीने पहले ही धूमधाम से संपन्न हुई थी। रोज की तरह दोनों रात में खाना खाकर अपने कमरे में सोने गए थे, लेकिन सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों को चिंता होने लगी।


एक ही फंदे पर झूलते मिले दोनों के शव, चीख-पुकार से गूंजा घर 

परिजनों द्वारा लगातार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने पर भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो अनहोनी की आशंका के बीच खिड़की के माध्यम से कमरे के अंदर झांककर देखा गया। कमरे के भीतर का खौफनाक नजारा देखते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर रवि और उर्मिला के शव फंदे से लटक रहे थे। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय बिदुपुर थाना पुलिस को दी गई।


जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजे गए शव

सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारा और उन्हें अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। स्थानीय पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की जल्दबाजी में नहीं है और मामले की सघन जांच-पड़ताल हर संभावित एंगल से की जा रही है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद साफ होगी स्थिति 

इस घटना के बाद से मृतक रवि और मृतका उर्मिला के मायके पक्ष के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों के बीच इस बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और सवाल उठ रहे हैं कि आखिर शादी के इतने कम समय में ऐसा क्या विवाद या तनाव हुआ कि दोनों को यह आत्मघाती कदम उठाना पड़ा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों और परिस्थितियों का सटीक पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तथा परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद ही साफ हो पाएगा।


रिषभ की रिपोर्ट