Bihar Crime:प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध मौत से सनसनी, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

Bihar Crime: एक जमीन कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है।...

ara Sensation due to suspicious death of property dealer
प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध मौत से सनसनी- फोटो : reporter

Bihar Crime: एक जमीन कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है।भोजपुर के उदवंत नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत उदवंत नगर गांव में एक जमीन कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान चंदन कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो वार्ड संख्या 3 निवासी सुरेश सिंह के पुत्र बताए जा रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, चंदन कुमार सिंह दोपहर में घर पर खाना खाने के बाद निकले थे। बताया जा रहा है कि घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर गांव के ही एक व्यक्ति की कोठरी में गए थे। जब देर शाम तक वे घर नहीं लौटे तो परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान संबंधित कोठरी का दरवाजा खुला मिला और अंदर चंदन कुमार सिंह मृत अवस्था में पड़े मिले।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए भोजपुर सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के फुफेरे भाई गोलू सिंह ने बताया कि चंदन कुमार सिंह प्रॉपर्टी डीलिंग यानी जमीन खरीद-बिक्री का काम करते थे। उन्होंने आशंका जताई है कि उन्हें कुछ खिलाकर हत्या की गई हो सकती है। हालांकि परिवार की ओर से अब तक किसी पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाया गया है।

घटना की सूचना पर उदवंत नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इधर, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि प्रॉपर्टी डीलर पिछले कुछ समय से तनाव में थे और कर्ज के बोझ तले दबे हुए थे, जिस कारण आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि परिजन इस बात से साफ इनकार कर रहे हैं।

फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार