Bihar Crime: युवक को सरेआम मारी गोली, इलाज के दौरान मौत, इंस्टाग्राम विवाद बना कत्ल की वजह

Bihar Crime: सोशल मीडिया की जंग अब सड़कों पर खून-खराबे में बदलती दिख रही है।...

Ara young man was shot
इंस्टाग्राम विवाद में कत्ल- फोटो : reporter

Bihar Crime: सोशल मीडिया की जंग अब सड़कों पर खून-खराबे में बदलती दिख रही है। आरा के नवादा थाना क्षेत्र के मौला बाग मोहल्ले में इंस्टाग्राम पर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतक की पहचान लिया थाना क्षेत्र के झा गांव, वार्ड संख्या चार निवासी शत्रुघ्न सिंह के पुत्र आदर्श कुमार के रूप में हुई है। वर्तमान में वह नवादा थाना क्षेत्र के मौला बाग मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहा था। घटना के बाद उसे आनन-फानन में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया है।

बताया जा रहा है कि आदर्श अपने मोहल्ले में एक दुकान के पास खड़ा था। तभी बाइक पर सवार दो हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और उसे काफी नजदीक से सीने के बीचो-बीच गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना से पहले जख्मी अवस्था में आदर्श ने पुलिस को बताया था कि कुछ दिन पूर्व इंस्टाग्राम पर एक ग्रुप कॉल को लेकर उसका ‘लोहा ज्यादा’ नामक युवक से विवाद हुआ था। दोनों के बीच गाली-गलौज भी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।

मृतक की मां ने नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे मामले की तहकीकात जारी है और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद अब एक घर की खुशियां उजाड़ चुका है, और शहर में कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर गया है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार