नवादा के शिवपुर डैम से मिला 16 वर्षीय किशोर का शव, पिता ने लगाया लड़की के चक्कर का गंभीर आरोप

मृतक के पिता ने एक लड़की से उनके बेटे की करीब छह महीने से बातचीत होने की बात कही। पिता का दावा है कि शुक्रवार को उसी लड़की का फोन आया था, जिसे उन्होंने खुद उठाया था। इसके बाद पांच युवक राकेश को अपने साथ ले गए।

Nawada Crime
Nawada Crime - फोटो : news4nation

Bihar News : नवादा के कौआकोल प्रखंड में सोखोदेवरा शिवपुर डैम से 16 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार शाम बरामद शव की पहचान सुनील कुमार दास के बेटे राकेश कुमार के रूप में हुई। युवक के डैम में डूबने की शुरुआती जानकारी सामने आई थी, लेकिन उसके पिता ने मामले को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। रविवार को पोस्टमार्टम करवाया गया है।


पिता के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे राकेश ने घर में खाना खाया था। इसके बाद वह घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर गया था। शाम लगभग चार बजे परिवार को उसके डैम में डूबने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की गई। करीब 24 घंटे बाद शनिवार शाम युवक का शव बरामद हो सका।


मामले में नया मोड़ तब आया, जब मृतक के पिता ने एक लड़की से उनके बेटे की करीब छह महीने से बातचीत होने की बात कही। पिता का दावा है कि शुक्रवार को उसी लड़की का फोन आया था, जिसे उन्होंने खुद उठाया था। इसके बाद पांच युवक राकेश को अपने साथ ले गए। पिता ने आरोप लगाया कि इन्हीं युवकों ने उसके बेटे की हत्या कर शव डैम में फेंक दिया।


पिता ने करीब तीन महीने पहले हुई मारपीट और पूर्व में मिली कथित धमकी का भी जिक्र किया है। हालांकि इन आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है।


अब पुलिस हादसे और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। रविवार को नवादा सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मेडिकल जांच और वीडियोग्राफी के लिए पांच डॉक्टरों की टीम लगाई गई है। कौआकोल थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पिता के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पांच लोगों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही राकेश की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

अमन की रिपोर्ट