Bihar lover attack bride:खूनी इश्क का तांडव, जयमाल के स्टेज पर सिरफिरे आशिक की दरिंदगी, सरेआम दुल्हन को मारी गोली

Bihar lover attack bride: बिहार में एक शादी का जश्न उस वक्त मातम की शक्ल अख्तियार कर गया, जब एक सनकी आशिक ने सरेआम दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं।

A crazy lover shoots the bride in public on the stage of Jai
जयमाल के स्टेज पर सिरफिरे आशिक की दरिंदगी- फोटो : X

Bihar lover attack bride: बिहार  में एक शादी का जश्न उस वक्त मातम की शक्ल अख्तियार कर गया, जब एक सनकी आशिक ने सरेआम दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। बक्सर जिले के चौसामल्लाह टोली में शहनाइयां बज रही थीं, उत्तर प्रदेश के बलिया से बारात आई थी, लेकिन किसी को इल्म नहीं था कि खुशियों के इस मजमे में मौत अपना जाल बिछाए बैठी है।

वारदात का मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपी दीनबंधु मल्लाह ने पहले डीजे के पास जाकर अपनी पसंद का गाना बजवाया “तुझको ही दुल्हन बनाऊंगा, वरना कुंवारा मर जाऊंगा।” जब यह गाना गूंज रहा था, तभी चेहरे पर नकाब बांधकर वह कातिल जयमाल के ऊंचे स्टेज पर जा चढ़ा।

इससे पहले कि दूल्हा-दुल्हन या वहां मौजूद बाराती कुछ समझ पाते, उसने तमंचा निकाला और 18 साल की आरती कुमारी पर कातिलाना हमला कर दिया। गोली सीधे आरती को लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं ढेर हो गई। शादी का जोड़ा खून से तर-बतर हो गया और जयमाल का मंच जुर्म की नुमाइश बन गया।

पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि यह पूरा मामला एकतरफा इश्क का है। आरोपी दीनबंधु आरती से शादी करने की जिद पर अड़ा था और उसकी शादी कहीं और तय होने से आगबबूला था। उसने पहले भी शादी रोकने की धमकी दी थी, लेकिन परिवार ने इसे गीदड़ भभकी समझकर नजरअंदाज कर दिया। आरती की छोटी बहन निशा ने बताया कि वह आरोपी पहले मोबाइल से वीडियो बना रहा था और फिर अचानक वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

गोलीबारी के बाद शादी के घर में अफरा-तफरी मच गई। पकवान धरे के धरे रह गए और बाराती दहशत में आ गए। जख्मी दुल्हन को फौरन वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

उधर, पुलिस की घेराबंदी और दबिश के आगे मजबूर होकर आरोपी ने 14 घंटे बाद कोर्ट में सरेंडर कर दिया। मुफस्सिल थाना पुलिस ने मुजरिम को अपनी कस्टडी में ले लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। इलाके में इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही लोग सख्ते में हैं।