Bihar Politics: भूमिहार ब्राह्मण मंच के संस्थापक आशुतोष कुमार के भाई की मौत पर उठे संगीन सवाल, देवघर हादसा या साज़िश?

भूमिहार ब्राह्मण मंच का गठन कर राज्य की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले आशुतोष कुमार के छोटे भाई आलोक कुमार का निधन देवघर में एक रहस्यमयी दुर्घटना के बाद हो गया।

Death of Bhumihar Brahmin Manch Founder s Brother
भूमिहार ब्राह्मण मंच के संस्थापक आशुतोष कुमार के भाई की मौत पर उठे संगीन सवाल- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज़ हो गई है। भूमिहार ब्राह्मण मंच का गठन कर राज्य की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले आशुतोष कुमार के छोटे भाई आलोक कुमार का निधन देवघर में एक रहस्यमयी दुर्घटना के बाद हो गया। हालांकि, आशुतोष ने इस घटना को महज़ हादसा मानने से साफ़ इनकार करते हुए इसे सीधी हत्या करार दिया है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक होते हुए लिखा कि “मेरा भाई आलोक कुमार हम सबों को छोड़कर चला गया। यह दुर्घटना नहीं, कत्ल है… और इस कत्ल का साज़िशकर्ता देवघर का कुख्यात राहुल चंद्रवंशी का रिश्तेदार है।” यह बयान सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का तूफ़ान उठ गया है।

आशुतोष कुमार ने भूमिहार ब्राह्मण मंच के माध्यम से बिहार के सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य में एक प्रभावी जगह बनाई थी और हाल ही में चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर अपने राजनीतिक सफ़र को नया मोड़ दिया था। संगठन में उनके भाई आलोक की भूमिका बेहद अहम थी वे रणनीति से लेकर ज़मीनी नेटवर्क तक हर स्तर पर सक्रिय रहते थे, यही वजह है कि उनकी अचानक और संदिग्ध मौत ने कई अनुत्तरित प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल आशुतोष सदर अस्पताल, देवघर में मौजूद हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच, गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहे हैं। उधर, स्थानीय प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह वाकई दुर्घटना थी या फिर किसी गहरी रंजिश, सियासी टकराव या व्यक्तिगत दुश्मनी का नतीजा।

देवघर की यह वारदात केवल एक परिवार का शोक नहीं यह सवाल है सिस्टम पर, सुरक्षा पर और उस साज़िश पर जो एक ज़िंदग़ी निगल गई। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इस मामले की तह तक पहुँचता है या नहीं।

रिपोर्ट- प्रियदर्शन शर्मा